जयपुर हेरिटेज, जोधपुर उत्तर और कोटा उत्तर निगम में मतदान के लिए उत्साह
जयपुर हेरिटेज, जोधपुर उत्तर और कोटा उत्तर निगम में मतदान के लिए उत्साह

जयपुर हेरिटेज, जोधपुर उत्तर और कोटा उत्तर निगम में मतदान के लिए उत्साह

जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में जयपुर हेरिटेज, जोधपुर उत्तर और कोटा उत्तर नगर निगमों में प्रथम चरण के चुनाव के लिए मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें लगना शुरु हो गई है। दिन चढऩे के साथ ही मतदान केन्द्रों पर शहर की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में उत्साह हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दोपहर 1 बजे तक जयपुर हैरिटेज में 37.08, जोधपुर उत्तर में 42.63 तथा कोटा उत्तर निगम के लिए 38.91 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह 7.30 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सवेरे 10 बजे तक जयपुर हैरिटेज में 16.91, जोधपुर उत्तर में 20.43 तथा कोटा उत्तर निगम के लिए 19.71 प्रतिशत मतदान हुआ था। वोट देने के लिए सुबह से ही तीनों निगम क्षेत्रों में मतदाता बूथों पर अपना आईडी कार्ड लेकर पहुंचने लगे। सुबह अधिकांश मतदान केंद्रों पर कम लोग ही मतदान करने पहुंचे, लेकिन दिन चढऩे के साथ ही बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगना शुरु हो गई। मतदान अब धीरे-धीरे रफ्तार पकडऩे लग गया है। यह शाम को 5.30 तक चलेगा। पहले चरण में गुरुवार को जयपुर हैरिटेज, जोधपुर उत्तर और कोटा उत्तर के नगर निगमों के 250 वार्डों के लिये वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में तीनों नगर निगमों के 250 वार्डों के लिए 951 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पहले चरण में कुल 2761 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर 16 लाख 54 हजार 547 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आठ पर्यवेक्षकों की निगरानी में 3393 ईवीएम मशीनों से ये चुनाव कराए जा रहे हैं। इन चुनावों में सीएम अशोक गहलोत, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत व भाजपा-कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्षों समेत कई दिग्गज नेताओं और मंत्रियों की साख दांव पर लगी है। राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव के लिये सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने अलसुबह से ही मोर्चा संभाल लिया, वहीं प्रशासनिक मशीनरी भी पूरी तरह से अलर्ट हो गई। प्रत्याशी की पत्नी के अंदर खड़े रहने पर हुआ हंगामा जयपुर के महाराजा स्कूल छोटी चौपड़ पर एक मतदान केंद्र पर प्रत्याशी की पत्नी के अंदर खड़े रहने पर छिटपुट हंगामा हो गया। भाजपा प्रत्याशी बीना मेठी ने आरोप लगाया कि मतदान बूथ के अंदर कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी काफी देर तक अंदर खड़ी है और वह मतदान को प्रभावित कर रही है, इसलिए दोनों पक्ष अंदर आ गए और आमने-सामने हो गए लेकिन पुलिस ने समझा कर दोनों को बाहर निकाला। जनप्रतिनिधियों ने किया मतदान किशनपोल विधानसभा से विधायक अमीन कागज़ी ने अपना वोट जालूपुरा स्थित गौड़ विप्र स्कूल वोट डाला। पूर्व महापौर और वर्तमान में कांग्रेस की प्रदेश महासचिव ज्योति खण्डेलवाल ने पति शरद खण्डेलवाल संग किशनपोल बाजार स्थित राजकीय महाराजा बालिका विद्यालय में मतदान किया। हवामहल विधानसभा क्षेत्र से विधायक और मुख्य सचेतक महेश जोशी ने बडोदिया बस्ती में पत्नी के साथ हेरिटेज नगर निगम के चुनाव में वोट किया। हवामहल विधानसभा क्षेत्र से विधायक और मुख्य सचेतक महेश जोशी ने बडोदिया बस्ती में पत्नी के साथ हेरिटेज नगर निगम के चुनाव में वोट किया। दोपहर 1 बजे पूर्व राजकुमारी और भाजपा सांसद दीया कुमारी ने जनानी ड्योढी स्थित पेंशन कार्यालय में स्थित बूथ पर वोट डाला। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. अरूण चतुर्वेदी ने अपने परिवार के साथ वार्ड संख्या 46 में गीता आश्रम स्कूल सोडाला अजमेर रोड पर मतदान किया। परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने वार्ड 47 के मतदान केंद्र टिनी ब्लॉसम स्कूल में मतदान किया। पूर्व विधायक अशोक परनामी ने गीता भवन आदर्श नगर में वोट डाला। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in