Youth Congress inaugurates 'A handful of soil martyrs' campaign
Youth Congress inaugurates 'A handful of soil martyrs' campaign

यूथ कांग्रेस ने किया ‘एक मुट्ठी मिट्टी शहीदों के नाम’ अभियान का आगाज

उदयपुर, 10 जनवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार की ओर से लाए गए तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर आंदोलनरत किसानों के समर्थन में यूथ कांग्रेस ने रविवार को उदयपुर में ‘एक मुट्ठी मिट्टी शहीदों के नाम’ अभियान का आगाज किया। उदयपुर के लेकसिटी प्रेस क्लब में अभियान के पोस्टर का विमोचन करते हुए भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कहा कि कांग्रेस देश के अन्नदाता के साथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र की मोदी सरकार ने अन्नदाता को दिल्ली में घुसने नहीं दिया। किसान शहीद हो गए। देश के प्रधानमंत्री मोदी को दम तोड़ने वाले किसानों के लिए समय नहीं है। मोदी ने देश के किसान को मिट्टी में मिलाने का काम किया है। इसीलिए यूथ कांग्रेस ने यह अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि अभियान में कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश के प्रत्येक जिले से मिट्टी एकत्रित कर दिल्ली लाई जाएगी। मार्च में आंदोलन में शहीद किसानों को श्रद्धांजलि के साथ अभियान का समापन होगा। हर राज्य से वहां से लाई गई मिट्टी से देश का नक्शा बनाया जाएगा। यह मिट्टी प्रधानमंत्री मोदी को भी दी जाएगी। किसान आंदोलन गुटों में बंट जाने के सवाल पर श्रीनिवास ने कहा कि भाजपा किसानों में फूट डालकर गुट बना रही है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि देश की दो कंपनियों की वजह से दिल्ली की सीमा सरहद बनकर रह गई। देश की सरहदें चीन, पाकिस्तान, नेपाल की होती हैं। कृषि कानूनों ने किसानों व सरकार के बीच सरहद बना दी। आंदोलनरत किसानों से सरकार वार्ता के लिए तारीख पर तारीख का खेल कर रही है। किसानों और शहीदों का अपमान कर रही है। महात्मा गांधी ने एक मुट्ठी नमक उठाकर इंकलाब का नारा दिया था। आज दो कंपनियों के खिलाफ देशभर से एक मुट्ठी मिट्टी उठाकर यूथ कांग्रेस किसान का समर्थन व सम्मान करने जा रही है।इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव मितेन्द्र सिंह, मंजू तोंगड़, मीडिया प्रभारी राहुल राव, जिलाध्यक्ष हिमांशु चैधरी आदि मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/संदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in