thousands-of-workers-gathered-in-preparation-for-former-chief-minister-raje39s-dev-darshan-yatra
thousands-of-workers-gathered-in-preparation-for-former-chief-minister-raje39s-dev-darshan-yatra

पूर्व मुख्यमंत्री राजे की देव दर्शन यात्रा की तैयारियों में जुटे हजारों कार्यकर्ता

भरतपुर, 06 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 7 और 8 मार्च को भरतपुर जिले के डीग क्षेत्र में पूंछरी और मथुरा के गोवर्धन में देव दर्शन यात्रा पर आएंगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर ना केवल वसुंधरा समर्थक बल्कि भाजपा के भी बड़े-बड़े पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं। डीग क्षेत्र में करीब 5 हजार से अधिक छोटे-बड़े पदाधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। आलम यह है कि कई दिनों से डीग और गोवर्धन के सभी होटल भी फुल हो गए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश सिंह ने बताया कि देव दर्शन यात्रा में ना केवल भरतपुर जिले बल्कि अन्य जिलों से भी भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता डीग क्षेत्र पहुंच चुके हैं। भाजपा जिला महामंत्री शिवराज तमरौली ने बताया कि अलग-अलग जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी देव दर्शन यात्रा में शामिल होने के लिए डीग आएंगे। वसुंधरा राजे समर्थक मंच के जिला अध्यक्ष तेजेंद्र फौजदार ने बताया कि बीते कई दिनों से डीग क्षेत्र में डेरा डाले भाजपा कार्यकर्ता और बाहर से आने वाले पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के चलते डीग और गोवर्धन के सभी होटल फुल हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 7 मार्च को सुबह 9.30 बजे हेलीकॉप्टर से पूंछरी स्थित हेलीपैड पहुंचेंगी। वे सुबह 10.30 बजे पूंछरी का लौठा दर्शन के साथ श्रीनाथ जी मंदिर में पूजन करेंगी। राजे 11.30 बजे जतीपुरा के दानघाटी मंदिर में दुग्धाभिषेक के बाद सुबह 11.40 बजे गोवर्धन स्थित गिर्राज जी दानघाटी मंदिर पहुंचेंगी और पूजा करेंगी। इसके बाद वे सडक़ मार्ग से आदिबद्री के लिए रवाना होंगी। राजे डीग के लक्ष्मण मंदिर में दर्शन करते हुए रात्रि विश्राम आदिबद्री में करेंगी। आदिबद्री में रात्रि को ब्रज ब्रजलोक कला मंच की ओर से रासलीला कार्यक्रम का आयोजन होगा। दूसरे दिन 8 मार्च को आदिबद्री नाथ मंदिर में सुबह 5 बजे मंगला आरती में शामिल होंगी। दोपहर 12.30 बजे केदारनाथ मंदिर जाएंगी और पूजा-दर्शन और भोजन के बाद दोपहर 3.30 बजे हेलीकॉप्टर से धौलपुर रवाना होंगी। राजे की देव दर्शन यात्रा के चलते बीते कई दिनों से पूर्व मंत्री यूनुस खान, बाबूलाल वर्मा और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व विधायक अनीता सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. शैलेश सिंह तैयारियों में जुटे हुए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in