the-house-prayed-for-peace-for-the-souls-of-the-disabled-by-keeping-two-minutes-silent-in-the-assembly
the-house-prayed-for-peace-for-the-souls-of-the-disabled-by-keeping-two-minutes-silent-in-the-assembly

विधानसभा में दो मिनट का मौन रख सदन ने की दिवंगतों की आत्मा के लिए शांति की प्रार्थना

जयपुर, 10 फरवरी (हि. स.)। पंद्रहवी राज्य विधानसभा के षष्ठम् सत्र के पहले दिन बुधवार को विधानसभा में दिवंगत राजनेताओं, प्रमुख हस्तियों तथा प्रमुख दुर्घटनाओं में काल कवलित हुए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विधानसभा में बुधवार को उत्तरप्रदेश के पूर्व राज्यपाल मोतीलाल वोरा, बिहार के पूर्व राज्यपाल बूटा सिंह, गोवा की पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा, असम के पूर्व मुख्यमंत्री अरूण गोगोई, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधवसिंह सोलंकी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह, पूर्व सांसद किरण माहेश्वरी, शिवचरण सिंह, महावीर भगोरा एवं पृथ्वीराज तथा राज्य विधानसभा के सदस्य मास्टर भंवरलाल मेघवाल एवं गजेन्द्र सिंह शक्तावत, राज्य विधानसभा के पूर्व सदस्य मानिकचंद सुराना, हीरालाल, महावीर जीनगर, ललित भाटी, हेमन्त कुमार, भानजी, रावतराम एवं जगमोहन सिंह के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं के प्रति शांति और उनके परिजनों को बिछोह सहन करने के लिए शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने शोक प्रस्ताव रखते हुए दिवंगत व्यक्तियों द्वारा राजनीतिक, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में दी गई सेवाओं की सराहना की। जोशी ने राजनीतिक हस्तियों के जीवन परिचय का उल्लेख किया। जोशी ने उत्तरप्रदेश के पूर्व राज्यपाल मोतीलाल वोरा द्वारा निभाई गई जिम्मेदारियों का उल्लेख किया। डॉ. जोशी ने बिहार के पूर्व राज्यपाल बूटा सिंह के व्यक्तित्व की चर्चा करते हुए बताया कि सिंह का निधन 2 जनवरी, 2021 को हो गया। विधानसभा अध्यक्ष ने गोवा की पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरूण गोगोई के राजनीतिक जीवन की चर्चा की। विधानसभा अध्यक्ष ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री तथा सदन की सदस्य रही किरण माहेश्वरी, सांसद, पूर्व मंत्री तथा पूर्व विधायक शिवचरण सिंह, पूर्व सांसद कमल मोरारका, पूर्व सांसद पृथ्वीराज, राज्य विधानसभा सदस्य मास्टर भंवरलाल मेघवाल, सदन के सदस्य गजेन्द्र सिंह शक्तावत, पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक मानिक चन्द सुराना, पूर्व विधायक हीरालाल, पूर्व सदस्य महावीर प्रसाद जीनगर, पूर्व उप मंत्री एवं पूर्व विधायक ललित भाटी, पूर्व सदस्य हेमन्त कुमार, पूर्व विधायक भाणजी, पूर्व विधायक रावतराम, पूर्व विधायक जगमोहन सिंह के व्यक्तित्व व कृतित्व को याद किया। डॉ. जोशी ने 27 नवम्बर, 2020 को जयपुर दिल्ली नेशनल हाईवे पर अचरोल के पास यात्री बस के हाइटेंशन लाइन छू जाने के कारण मारे गए तीन यात्रियों तथा 16 जनवरी 2021 को जालोर के महेशपुरा ग्राम के पास बिजली का तार छू जाने से करंट के कारण हुई सात श्रद्धालुओं की मृत्यु पर भी शोक प्रकट किया। उन्होंने 19 जनवरी, 2021 को सूरत में हुए सडक़ हादसे में फुटपाथ पर सो रहे श्रमिकों के डम्पर से कुचले जाने के कारण बांसवाड़ा जिले के 13 श्रमिकों सहित 15 श्रमिकों की मौत तथा 7 फरवरी 2021 को उत्तराखण्ड के चमोली जिले में ग्लेशियर टूटने के कारण आई प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों के प्रति भी शोक प्रकट किया। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in