the-city-received-mixed-reactions-on-the-budget
the-city-received-mixed-reactions-on-the-budget

बजट पर शहर में आई मिश्रित प्रतिक्रियाएं

जोधपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को अपने कार्यकाल का तीसरा बजट विधानसभा में पेश किया। इस बजट पर शहर के राजनेता, संस्था-संगठनों और अन्य लोगों ने मिश्रित प्रतिक्रियाएं व्यक्त की है। कांग्रेस ने जहां इस बजट को विकासोन्मुखी बताया तो भाजपा ने कहा कि यह सिर्फ थोथी घोषणाएं है। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पेश बजट को घोषणाओं का अंबार और पुतला मात्र बताया है। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए शेखावत ने कहा कि बजट को देखकर ऐसा लगता है कि जैसे सरकार मध्यावधि चुनाव में जाने वाली है। राजस्थान संगीत नाटक अकादमी के पूर्व अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के पूर्व सलाहकार रमेश बोराणा ने बजट को राजस्थान के समग्र विकास और आम आदमी को राहत देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किसान, मजदूर, युवा, महिला, मध्यम वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों को प्रोत्साहन देने का जो साहस दिखाया है उससे अगले वर्षों में प्रदेश गतिमान होगा। प्रदेश की चिकित्सा, शिक्षा व लोक कल्याण को समर्पित प्रदेश का यह बजट मुख्यमंत्री की मानवीय संवेदना को दर्शाता है। केंद्रीय बजट से प्रदेशवासी जिस तरह से निराश हुए थे उसके उलट इस बजट ने लोगों की चेहरों पर मुस्कराहट बिखेरी है। जोधपुर शहर जि़ला कांग्रेस कमेटी के सचिव अजय शर्मा ने मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए राज्य बजट की प्रशंसा की और बजट को प्रदेश के विकास के लिए सशक्त बताया। ये बजट पूर्ण रूप से अशोक गहलोत की दूरगामी सोच को दर्शाता हैं। जोधपुर में खेलो को प्रोत्साहन देने हेतु बरकतुल्ला स्टेडियम के विकास के लिए 20 करोड़ की घोषणा तारीफ योग्य हैं। कुल मिलाकर ये बजट प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता डॉ. अजय त्रिवेदी ने बजट पर कहा कि संकल्प और इच्छाशक्ति से ओतप्रोत यह बजट राज्य में खुशहाली का संकेत है। सामाजिक सुरक्षा, जन कल्याण, एपीएल. परिवार, बीपीएल. परिवार, मध्यम वर्गीय परिवारों के हितों का ध्यान रखते हुए मुख्यमन्त्री अशोक गहलोत ने जो बजट जारी किया वो सराहनीय एवं प्रशंसनीय है। जोधपुर में पावटा अस्पताल विस्तार, कैंसर अस्पताल, महिला महाविद्यालय आदि की घोषणा से शहर में हर्ष है। कांग्रेस नेता हरेन्द्र सिंह राठौड़, लियाकत अली रंगरेज, सलीम खान, प्रीतम शर्मा, महेश नाथ आदि ने कहा है कि मुख्यमन्त्री गहलोत ने जोधपुर में मेडिकल क्षेत्र, कृषि क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक सौगातें दी है। बजट से सभी वर्ग लाभान्वित हुए हैं। कुल मिलाकर बजट संतुलित शानदार एवं समाजोपयोगी है। भारतीय जनता युवा मोर्चा राजस्थान के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वरुण धनाडिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुरानी घोषणाओं को ही नया अमलीजामा पहनाने का काम किया है। प्रदेश सरकार का खजाना खाली है ऐसे में जो घोषणा की है उनका समय पर पूरा होना संशय पैदा करता है। जोधपुर पाली के बीच आर्थिक विकास पहले से ही डीएमआई में प्रस्तावित है ऐसे में नई घोषणा कर जनता को भ्रम में डाला जा रहा है। उद्योग के लिए कुछ विशेष नहीं है। यह असंतोषजनक बजट है जिसमें सिफऱ् घोषणाएं है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in