seven-pakistani-displaced-got-indian-citizenship
seven-pakistani-displaced-got-indian-citizenship

सात पाकिस्तानी विस्थापितों को मिली भारतीय नागरिकता

जयपुर, 19 फरवरी(हि.स.)। जयपुर में शुक्रवार को तीन दम्पतियों सहित सात पाकिस्तानी विस्थापितों को भारत की नागरिकता प्रदान की गई। जिला कलेक्टर अंतर सिंह नेहरा ने सभी को भारत की नागरिकता मिलने पर बधाई देते हुए अपेक्षा जाहिर की कि ये सभी देष की सेवा करते हुए एक अच्छे नागरिक के रूप में इसके विकास में योगदान देंगे। जिन पाक विस्थापितों को शुक्रवार को नेहरा द्वारा नागरिकता प्रदान की गई उनमें से कुछ 7 वर्ष से तो कुछ 15 वर्ष से यहां रह रहे थे। ये सभी पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के साथ किए जाने वाले भेदभाव और असुरक्षा की भावना के कारण यहां आए थे। अब भारतीय नागरिक कहलाने की खुशी सबके चेहरे पर नजर आ रही थी। शुक्रवार को जवाहर राम, सोनारी माई, गोजर माई, गोर्दन दास, गणेश चन्द, बसन माई एवं अर्जन सिंह को भारतीय नागरिकता दी गई। जयपुर के मानसरोवर में 9 वर्ष से पाक विस्थापित के रूप रह रहे गोर्दन दास ने बताया कि वे पाकिस्तान में पंजाब सूबे के रहीमयार खान से यहां आए थे। वहां हर समय असुरक्षा की भावना और बच्चाें का भविष्य नजर नहीं आने के कारण भारत आए। लम्बे इंतजार के बाद अब नागरिकता प्रमाण पत्र मिल जाने पर उन्हें पूरा विश्वास है कि बच्चोें को एक नागरिक के रूप में मिलने वाले सारे अधिकार और यहां की सुरक्षित आबोहवा में देश के संस्कार दे सकेंगे। साथ ही आगे भविष्य में भी रोजगार और सरकारी सुविधाओं, योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in