self-dedicated-to-the-well-being-of-every-class-harisingh-chief-minister
self-dedicated-to-the-well-being-of-every-class-harisingh-chief-minister

हर वर्ग की भलाई के लिए समर्पित रहे स्व. हरिसिंह : मुख्यमंत्री

जयपुर. 23 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हरिसिंह महुवा जमीन से जुड़े नेता थे और उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व अलग तरह का था। राजस्थान विधानसभा में मुख्य सचेतक सहित विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने एक अमिट छाप छोड़ी। उनके विचारों में प्रतिबद्धता थी और जाति, धर्म से ऊपर उठकर समाज के हर वर्ग के हितों के लिए वे समर्पित रहे। गहलोत मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से दौसा जिले के खेडला बुजुर्ग गांव में नवनिर्मित सद्भावना पार्क में स्थापित स्व. हरिसिंह महुवा की प्रतिमा अनावरण के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की प्रतिमा स्थापित होती है तो उससे समाज व देश के प्रति उस व्यक्ति के योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद करती हैं। हरिसिंह की मूर्ति स्थापित होने से नई पीढ़ी को उनके बारे में जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और अपने क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत रहे। खेडला बुजुर्ग को उप तहसील बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री ने प्रदेश एवं क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को चिरस्थाई बनाए रखने के लिए हरिसिंह के पैतृक गांव खेडला बुजुर्ग को उप तहसील बनाने तथा गांव में एक खेल स्टेडियम का निर्माण कर उसका नामकरण हरिसिंह महुवा के नाम से करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महुवा एवं आस पास के क्षेत्र के विकास में राज्य सरकार कोई कमी नहीं रखेगी। गहलोत ने कहा कि हरिसिंह जी हमेशा अपने क्षेत्र में भाईचारा एवं सद्भाव कायम रखने के लिए प्रयासरत रहे। इसी भावना की जरूरत आज पूरे देश में है, ताकि देश एक एवं अखण्ड रहे और इसका सामाजिक ताना-बाना मजबूत रहे। बजट घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया कार्यक्रम स्थल से संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि हरिसिंह ईमानदार एवं स्पष्ट वक्ता थे। उनसे राजनीति की कई सीख मिली। इस असवर पर गृह रक्षा राज्यमंत्री भजनलाल जाटव, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री ममता भूपेश और जिले के प्रभारी मंत्री अशोक चांदना ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in