सावन शुरू, पुजारियों ने किया भगवान शिव का अभिषेक
सावन शुरू, पुजारियों ने किया भगवान शिव का अभिषेक

सावन शुरू, पुजारियों ने किया भगवान शिव का अभिषेक

जोधपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। सावन मास सोमवार से शुरू हो गया। इस बार सावन मास में अद्भुत संजोग बना है। सावन मास का शुभारंभ जहां सोमवार को हुआ वहीं समापन भी सोमवार को ही होगा। इस बार सावन में पांच सोमवार हैं। इस अद्भुत संजोग के साथ ही सावन मास पर कोरोना का ग्रहण भी लगा हुआ है। कोरोना के कारण सरकारी आदेश पर मंदिरों में प्रवेश वर्जित चल रहा है। शिव भक्त सावन के पहले सोमवार को मंदिरों में ना तो दर्शन कर पाए और ना ही अभिषेक। हालांकि कुछ मंदिरों में पुजारी और सीमित संख्या में भक्तों ने भगवान शिव का अभिषेक किया। करीब आठ साल बाद इस बार सावन में पांच सोमवार का संयोग बना है। अंतिम सोमवार तीन अगस्त को रहेगा। इस बार कोरोना संक्रमण की वजह से प्रमुख मंदिर बंद है। अधिकांश शिव मंदिरों और शिवालयों में पुजारियों और उनके परिजनों ने ही भगवान शिव का अभिषेक किया। अचलनाथ महादेव मंदिर में पुजारियों ने अभिषेक किया। यहां टंकोरा बजाने की इजाजत नहीं है टंकोरे पर कपड़ा ढंक दिया गया है। सीमित संख्या में भक्त दर्शनों के लिए आए। इसके साथ ही जालोरी गेट स्थित बड़लेश्वर मंदिर, चैनेश्वर, चांदपोल स्थित रामेश्वरनाथ, भूतनाथ, एकलिंग नाथ, पंथेश्वर महादेव, जबरनाथ, सिद्धनाथ, मंडलनाथ सहित विभिन्न प्राचीन मंदिरों में महादेव का पूजन तो किया गया लेकिन उसमें भक्त शामिल नहीं हो सके। कई मंदिरों पर ताले लगे रहे और गेट के बाहर से ही भगवान शिव-पार्वती के दर्शन किए गए। यह पहली बार है जब सावन के सोमवार पर शिव मंदिर व शिवालयों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के स्वर गुंजायमान नहीं हुए। इधर कई भक्तों ने अपने-अपने घरों में भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की। सावन मास के पहले सोमवार को जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक घरों में किया गया। दूध, फल, आंक, बिल्व पत्र, धतूरा, भांग आदि भक्तों ने अपने घरों में स्थापित भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा पर अर्पित किया। इस बार सावन का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि सावन के प्रथम दिन भी सोमवार है और अंतिम दिन रक्षा-बंधन वाले दिन भी सोमवार है। इस प्रकार इस वर्ष सावन में पांच सोमवार का अति शुभ योग है। मान्यता है कि सावन सोमवार को व्रत रखने और शिवपूजन से सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in