people-troubled-by-congress-misrule-will-teach-lessons-in-by-elections-kailash-chaudhary
people-troubled-by-congress-misrule-will-teach-lessons-in-by-elections-kailash-chaudhary

कांग्रेस के कुशासन से परेशान जनता उपचुनाव में सिखाएगी सबक : कैलाश चौधरी

राजसमंद, 15 फरवरी (हि.स.)। पूर्व मंत्री एवं विधायक किरण माहेश्वरी के निधन के बाद राजसमंद सीट पर उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राजसमंद विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और सह प्रभारी केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकारिणी की बैठक ली। प्रभारी मंत्रियों ने विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं के साथ रणनीतिक बैठक में उनके मन की बात जानी और आमजन से भाजपा के पक्ष में मत एवं समर्थन की अपील की। इससे पहले रविवार शाम को उदयपुर पहुंचे दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने वल्लभनगर (उदयपुर) के विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत के निधन पर उनके आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी एवं परिवारजनों को सांत्वना दी। इसके बाद राजसमंद के कांकरोली पहुंचकर द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन कर भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। मंत्रियों ने मंदिर से धार्मिक वातावरण के बीच मन को शांति एवं आनंद की अनुभूति कराने वाली राजसमंद झील के दीदार किए। इसके बाद नाथद्वारा में श्रीनाथ मंदिर के दर्शन कर देश-प्रदेश में समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। इस दौरान नेताओं का भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की ओर से जगह जगह पर स्वागत किया गया। भाजपा के दोनों राष्ट्रीय स्तरीय नेताओं ने बैठकों में कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने की रणनीति पर काम करने की सीख दी। कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि अभी सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी से उन्हें चुनौती मिलेगी, जिसका सामना डटकर करें। शेखावत और चौधरी ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि केन्द्र सरकार की योजनाओं के लाभ गिनाएं, ताकि जनता को भाजपा की घोषणाओं व उन्हें पूरे करने की संकल्प शक्ति से अवगत करा सकें। उन्होंने यहां टिकट के मद्देनजर भी कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा की। बैठक के बाद सहप्रभारी एवं केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि एक समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन को आगे ले जाता है। भाजपा की विचारधारा सेवा ही संगठन है के आधार पर चलती है। इसलिए हर कार्यकर्ता को पार्टी की सेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकार में भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यकर्ता आमजन के बीच जाकर सम्पर्क करें व पार्टी जनसम्पर्क की संरचना को व्यवस्थित बनाएं, संवाद स्थापित करें। कार्यकर्ता अपने काम का विस्तार करते हुए काम करें जिससे आने वाले समय में पार्षद से लेकर सांसद तक भाजपा का कार्यकर्ता बनें। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in