ongc-handed-over-a-check-of-rs-5-lakh-to-the-corporation
ongc-handed-over-a-check-of-rs-5-lakh-to-the-corporation

ओएनजीसी ने निगम को 5 लाख की सहायता राशि का चेक सौंपा

जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। कोरोनाकाल में नगर निगम उत्तर की ओर से किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों में अपनी ओर से सहयोग देते हुए ऑयल एंड नेचुरल गैस कारपोरेशन (ओएनजीसी) ने 5 लाख की सहायता राशि उपलब्ध करवाई है। ओएनजीसी के अधिकारियों ने नगर निगम उत्तर की महापौर कुन्ती परिहार को 5 लाख का चेक प्रदान किया। महापौर कुन्ती परिहार ने बताया कि कोरोना संक्रमणकाल के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं व भामाशाह को आगे आकर सहयोग करने की अपील की थी। सीएम गहलोत की अपील के बाद प्रदेश की कई संस्थाओं ने दिल खोलकर सहयोग किया। इसी कड़ी में ओएनजीसी ने जोधपुर नगर निगम का सहयोग करते हुए 5 लाख रुपए की सहयोग राशि उपलब्ध कराई है। महापौर ने बताया कि कोरोनाकाल के दौरान राज्य सरकार के निर्देशन में नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने जनप्रतिनिधियों व स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने, टीकाकरण आपके द्वार के माध्यम से टीकाकरण से वंचित लोगों को टीका लगाने, कोरोना जागरुकता को लेकर कोरोना जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने सहित विभिन्न सेवा कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि ओएनजीसी हमेशा सेवा कार्य में सहयोग के लिए अग्रणी रहा है। पिछले साल कोरोना काल के दौरान ओएनजीसी ने नगर निगम को 10 लाख की सहायता राशि उपलब्ध कराई थी, जिससे नगर निगम को काफी सहयोग मिला था। इस बार भी नगर निगम उत्तर को 5 लाख का चेक दिया है जिसका उपयोग विभिन्न सेवा कार्यों के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर ओएनजीसी के असिस्टेंट मैनेजर रजत बसु, ओएनजीसी के जनरल मैनेजर राजेंद्र सिंह गहलोत, जनरल मैनेजर (फाइनेंस) आरएल मीणा, राजेश चौहान, परमजीत सिंह, शकील, प्रमोद त्रिपाठी, मंजू जैन, पूनम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in