number-of-people-who-got-sick-due-to-food-poisoning-reached-167-warns-health-department
number-of-people-who-got-sick-due-to-food-poisoning-reached-167-warns-health-department

फूड पाॅइजनिंग से बीमार होने वालों की संख्या पहुंची 167, चेता स्वास्थ्य विभाग

उदयपुर, 22 जून (हि.स.)। उदयपुर में निर्जला एकादशी पर सोमवार रात कांगणी के आटे से बने फलाहार के सेवन के बाद बीमार हुए लोगों की संख्या 167 तक पहुंच गई। उदयपुर शहर सहित जिले के वल्लभनगर से भी लोगों के बीमार होने की सूचना मिली है। इसके बाद मंगलवार को स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया और विभिन्न दुकानों से कांगणी और सिंगाड़े के आटे के सैम्पल उठाए गए। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने सिंगाड़े के आटे से बनी सामग्री भी सेवन की थी और उन्हें भी फूड पाॅइजनिंग की शिकायत हुई। मामले में मंगलवार को जिला कलेक्टर चेतन देवड़ा ने मीडिया को बताया कि डेढ़ सौ से अधिक लोग फूड पाॅइजनिंग के शिकार हुए हैं। उनमें कुछ बच्चे भी शामिल हैं। उनका उपचार चल रहा है। सभी का स्वास्थ्य ठीक है। स्वास्थ्य विभाग के संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को बाजार से कांगणी व सिंगाड़े के आटे के सैम्पल उठाने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर फूड पाॅइजनिंग का कारण क्या रहा। उल्लेखनीय है कि निर्जला एकादशी पर दिन भर उपवास रखा जाता है। शाम को कांगणी व सिंगाड़े के आटे से बनी सामग्री का सेवन किया जाता है। इसे फलाहार में माना गया है। सोमवार रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों को जी-मिचलाने और उल्टी की शिकायत हुई। एक के बाद एक मरीज के एमबी अस्पताल पहुंचने से वहां भी हड़कम्प मच गया था। कई लोगों को भर्ती किया गया और कई को प्राथमिक उपचार दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल / ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in