mountaboo39s-mercury-again-reached-the-deposition-point-new-western-disturbance-likely-to-become-active
mountaboo39s-mercury-again-reached-the-deposition-point-new-western-disturbance-likely-to-become-active

माउंटआबू का पारा फिर जमाव बिंदु पर पहुंचा, नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार

जयपुर, 22 जनवरी (हि. स.)। देश के उत्तरी हिस्से में कड़ाके की सर्दी का असर प्रदेशवासियों के लिए परेशानी बढ़ा रहा है। सूर्य के उत्तरायण होने के बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में सर्द हवा के साथ गलन भरी सर्दी का असर जारी है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी का क्रम शुरू होने के बावजूद सर्द हवा से राहत नहीं मिल पा रही है। प्रदेश के श्रीगंगानगर, सीकर, फतेहपुर, पिलानी, चूरू, जैसलमेर और डबोक में तेज सर्दी पड़ रही है। बीती रात माउंट आबू का पारा लुढक़र शून्य डिग्री पर पहुंच गया। यहां का अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान में बार-बार बदलाव की बड़ी वजह राजस्थान के ऊपर कई इलाकों में वायुमंडल के निचले स्तरों में एक परिसंचरण तंत्र को माना जा रहा है। इसी कारण जनवरी के अंत तक तेज शीतलहर और कोहरा छाने का अलर्ट भी छह जगहों पर जारी किया जा चुका है। राजधानी जयपुर में शुक्रवार सवेरे मौसम साफ रहा। मौसम साफ रहने के बावजूद शीतलहर ने गुलाबीनगरी के बाशिन्दों पर सितम ढाया। यहां बीती रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। फतेहपुर का तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फसलों पर ओस की बूंदे जम गई। सुबह से हल्का कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग जयपुर केंद्र के निदेशक आरएस शर्मा ने बताया कि उत्तरी भारत में शुक्रवार शाम से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार है। इससे दोबारा तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो सकता है। शीतलहर इस सप्ताह पूरी तरह से हावी रहेगी। फरवरी के पहले सप्ताह से तापमान में बढ़ोतरी होना शुरू होगी। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in