प्रधानमंत्री लोकतंत्र में चुनी हुई सरकारों  को गिराने का खेल बंद करवाएं- मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री लोकतंत्र में चुनी हुई सरकारों को गिराने का खेल बंद करवाएं- मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री लोकतंत्र में चुनी हुई सरकारों को गिराने का खेल बंद करवाएं- मुख्यमंत्री

जैसलमेर, 01 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में सियासी उठापटक का शनिवार को 23वां दिन है। कथित खरीद- फरोख्त के डर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने खेमे के विधायकों को जयपुर से जैसलमेर ले गए हैं। विधायकों को जैसलमेर के पांच तारा होटल सूर्यगढ़ में ठहराया गया है। यह होटल विलासतापूर्ण सुविधाओं के लिए विख्यात है। इससे पहले विधायक करीब 18 दिन से जयपुर की होटल फेयरमाउंट में बाड़ाबंदी में थे। मुख्यमंत्री ने शनिवार को जैसलमेर से जयपुर जाते समय पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने भाजपा पर विधायकों की खरीद फरोख्त के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को लोकतंत्र में चुनी हुई सरकारों को गिराने का खेल बंद करवाना चाहिए। भाजपा को कोई अधिकार नहीं है कि वो एक चुनी हुई सरकार को षड्यंत्र पूर्वक तरीके से गिराने का षड्यंत्र रचे। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की भाग-दौड़ सरकार है। इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने ट्वीट कर लिखा था कि धन्य है मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहले "बकरामंडी" बताया,फिर खुद ही "बकरीद" पर पाकिस्तान की ओर ले गए,तारीख भी "14 अगस्त" है, मेहमानबाजी भी "गाज़ी फ़कीर" की,बातें बड़ी बड़ी,आप अनुभवी हैं,रेट भी आपको पता हैं,जाते जाते ये तो बता देते "लक्जरी" की बजरी कहां से आयेगी? गौरतलब है कि राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र के 14 अगस्त विधानसभा सभा सत्र आहूत करने की मंजूरी के बाद विधायकों की खरीद फरोख्त की आशंकाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधायकों को जैसलमेर शिफ्ट किया है। सूर्यगढ़ होटल जैसलमेर शहर से 18 किलोमीटर दूर तथा जैसलमेर के सिविल एयरपोर्ट से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस होटल के 10 से 12 किलोमीटर के दायरे में नाम मात्र की आबादी है। यह किलेनुमा होटल कई मायनो में सुरक्षा की दृष्टि से अभेद्य है। सरकार के राजकाज का यह होटल अब अस्थाई राजधानी सा लगता है। सुरक्षा और आला सुविधाओं की दृष्टि से यह होटल चर्चा में भी रहा है। पिछले साल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद यहां एक शादी में सम्मलित होने आये थे। इस होटल में कड़ी सुरक्षा के बीच पहला समलैंगिक विवाह हुआ था। इसके अलावा वीवीआईपी नेताओ के ठहरने और कई बॉलीवुड की हस्तियों के ठहरने की पसंदीदा जगहों में से एक है। इस होटल में हेलीकाप्टर उतरने के लिए हेलीपैड की सुविधा भी है। शनिवार को सूर्योदय के साथ ही कई मंत्री और विधायकों ने अपने अपने ढंग से दिन की शुरुवात की। प्रदेश के खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने अपनी शिव भक्ति के लिए बाड़ेबंदी के बावजूद शहर के देवचंद्रेश्वर मंदिर के शिव दरबार में पहुंच कर आधे घंटे के करीब शिव आराधना की। कई विधायको ने योगाभ्यास और व्यायाम किया। दो विधायकों के तबियत खराब होने पर स्थानीय चिकित्सक से निदान करवाया गया। होटल सूर्यगढ़ में ईद के मुबारक मौके पर मुस्लिम विधायकों ने नमाज़ अदा कर प्रदेश और देश में अमन चैन व खुशहाली की कामना की। राजस्थान में कांग्रेस के 9 मुस्लिम विधायक है। हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रशेखर भाटिया/ ईश्वर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in