martyr-azam-bhagat-singh39s-statue-in-ajmer-with-enthusiasm-and-enthusiasm-of-youth
martyr-azam-bhagat-singh39s-statue-in-ajmer-with-enthusiasm-and-enthusiasm-of-youth

युवाओं के जोश और उत्साह के साथ अजमेर में लगी शहीदे आजम भगत सिंह की प्रतिमा

अजमेर, 24 मार्च(हि.स.)।क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु के बलिदान दिवस पर अजमेर के बी के कौल नगर स्थित अम्बे विहार आवासीय कॉलोनी के सार्वजनिक पार्क में सरदार भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण हुआ। प्रतिमा का अनावरण करते हुए 93 वर्षीय स्वतंत्रता सैनानी शोभाराम गहरवाल ने कहा कि इस प्रतिमा से युवा पीढ़ी देशभक्ति की प्रेरणा ले सकेगी। गहरवाल ने कॉलोनी की विकास समिति के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि पार्क में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े साहित्य को भी रखा जाए। प्रतिमा स्थापित करने के लिए गहलवाल ने शहीद भगत सिंह नौजवान सभा का आभार जताया। इस अवसर पर आरएएस अधिकारी हेमंत स्वरूप माथुर ने कहा कि जब युवा पीढी का ध्यान कम्प्यूटर और टीवी पर केन्द्रित है तब भगत सिंह नौजवान संस्था ने क्रांतिकारी भगत सिंह की प्रतिमा लगाने का काम किया है जो युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। अजमेर के पूर्व मेयर धर्मेन्द्र गहलोत ने कहा कि कॉलोनी के पार्क में भगत सिंह के उन पत्रों को रखा जाए, जो उन्होंने जेल में रहते अपने परिजनों को लिखे। भगत सिंह के पत्र पढ़कर युवा पीढ़ी को पता चलेगा कि आजादी की कितनी कीमत चुकानी पड़ी है। समाजसेवी सुभाष काबरा ने कहा कि आज देश का जो माहौल है उसमें देशभक्ति की सख्त जरूरत है। देशभक्ति भगत सिंह को पढऩे और समझने से ही मिल सकती है। भगत सिंह नौजवान सभा के प्रमुख विजय तत्ववेदी ने कहा कि देशभक्ति के जज्बे को और मजबूत करने के लिए उनकी संस्था लगातार प्रयासरत है। बजरंग चौराहे के निकट शहीद स्मारक का जीर्णोद्धार भी संस्था की ओर से किया गया। भगत सिंह की प्रतिमा को बनवाने और पार्क में स्थापित करने का खर्च भी संस्था के पदाधिकारियों ने वहन किया है। अम्बे विहार समिति के प्रमुख कुलवंत सिंह ने पार्क में प्रतिमा स्थापित करने के लिए संस्था का आभार प्रकट किया। प्रतिमा अनावरण के अवसर पर देशभक्ति के गीतों की प्रस्तुति भी दी गई। गायक यशवंत, महेश, चंचल, एतराज आदि ने अपने गीतों से माहौल को देशभक्तिपूर्ण बना दिया। हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/संदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in