Makar Sankranti: Governor worshiped in Shiva temple, fed cow with jaggery and fodder
Makar Sankranti: Governor worshiped in Shiva temple, fed cow with jaggery and fodder

मकर संक्रांति : राज्यपाल ने शिव मंदिर में की पूजा-अर्चना, गाय को खिलाया गुड़ और चारा

जयपुर, 14 जनवरी (हि. स.)। मकर संक्रांति पर्व पर गुरुवार को राज्यपाल कलराज मिश्र ने राजभवन स्थित शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने राजभवन स्थित गौशाला में गायों को स्वयं चारा और गुड़ भी खिलाया और कंबल ओढ़ाई। राज्यपाल ने कहा कि मकर संक्रांति से दिन बड़ी और रात छोटी होना प्रारंभ हो जाएगी। इसी पावन दिन से धरती पर उजास में वृद्धि शुरू होती है। राज्यपाल मिश्र ने उजास के पावन पर्व पर देश और प्रदेश वासियों के सुख, समृद्धि और सम्पन्नता की कामना की। उन्होंने कहा कि इस पवित्र दिन पर गौ सेवा करने और दान करने से पुण्य में वृद्धि होती है, इसलिए हम सभी को गरीब व असहाय लोगों की मदद करते हुए इस पर्व को मनाना चाहिए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लिखा कि मकर संक्रांति के पावन पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं। सूर्य की उपासना का यह पर्व सभी के जीवन में सुख-समृद्धि लेकर आए। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लिखा कि मकर संक्रांति रे पावन पर्व पर थाने लोहड़ी, पोंगल, भोगाली बिहू, उत्तरायण और पौष पर्व री हिये तणी बधाई। दान, धर्म और कर्तव्य परायणता रो ओ पर्व आपरे जीवन में प्रेम और सौहार्द लावै। मंगलकामनाएं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लिखा कि सूर्य आराधना के पवित्र पर्व मकर संक्रांति की सभी को हार्दिक बधाई व शुभेच्छाएं। मानव जीवन में दान-पुण्य के महत्त्व को समझाने वाले इस उत्सव पर हमें सकारात्मक सोच के साथ कर्मशील होने तथा जरूरतमंदों की मदद करने का संकल्प लेना चाहिए। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने अपने आवास पर परिवार के साथ मकर संक्रांति का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने पतंग भी उड़ाई। वहीं, सचिन पायलट ने घर आए संतों से आशीर्वाद लिया और कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के वैशाली नगर स्थित आवास पर जाकर पतंग उड़ाई। परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी अपने घर से पतंगबाजी का लुत्फ उठाते हुए शब्दों की डोर से भाजपा की पतंग काटी। सचिन पायलट ने सोशल मीडिया में लिखा कि आज मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आवास पर पधारे महंतों के प्रतिनिधि मंडल से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मकर संक्रांति के सुअवसर पर कार्यकर्ताओं एवं लोगों से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। ईश्वर से कामना है कि सूर्य की उपासना का यह शुभ अवसर आप सभी के जीवन में एक नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करें। भारतीय लोक आस्था के पर्व, सूर्यदेव के उत्तरायण के महापर्व एवं बिहू, भोगी व पोंगल जैसे विभिन्न रूपों में मनाए जाने वाले पावन पर्व मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन अवसर आप सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, उमंग एवं खुशियां लेकर आएं। इसके बाद वे पतंगबाजी करने कांग्रेसी कार्यकर्ता राजेश चौधरी के निवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ देर पतंग उड़ाई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि राष्ट्रवाद की पतंग आसमान की बुलंदियों पर उड़ रही हैं। राजस्थान में जनता ने कांग्रेस की पतंग काट दी है और आने वाले चुनावों में पूरी तरह से जनता कांग्रेस की पतंग को काट देगी। चूरू विधायक और उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने सभी से चाइनीज मांझे की उपयोग नहीं करने की अपील की। उन्होंने लिखा कि मकर संक्रांति पर पतंग सावधानी से उड़ाएं। चाइनीज मांझे से दुर्घटना के कई मामले सामने आ रहे हैं। सभी नागरिकों से आग्रह है कि पतंगबाजी करते समय चाइनीज मांझे का उपयोग कतई न करें। ये किसी पक्षी या राहगीर के लिए घातक साबित हो सकता है। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता और परिवहन मंत्री प्रताप सिंह ने कहा कि बीजेपी की पतंग तो जनता ने पहले ही काट दी हैं। इन्हें मकर संक्रांति के मौके पर किसानों के बीच जाकर तीनों केन्द्रीय कृषि कानून रदद करने चाहिए। क्योंकि झुकता वही है जो ताकतवर हैं। लेकिन केन्द्र और बीजेपी ने केन्द्रीय कानूनों पर अडिय़ल रूख अपना रखा हैं, यही कारण है कि किसान बेचारे अपना त्यौहारों घर पर मनाने के बजाय सडक़ों पर मना रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in