if-the-talk-of-the-brokers39-mobiles-comes-true-in-addition-to-bl-mehra-other-members-can-also-get-hit
if-the-talk-of-the-brokers39-mobiles-comes-true-in-addition-to-bl-mehra-other-members-can-also-get-hit

दलालों के मोबाइल की बातें सच निकली तो बीएल मेहरड़ा के अतिरिक्त दूसरे सदस्य भी चपेट में आ सकते हैं

अजमेर, 11 अप्रैल(हि.स.)। अजमेर स्थित राजस्थान राजस्व मंडल के मुख्यालय में खुले भ्रष्टाचार पर एसीबी ने मंडल के वकील और सदस्यों के दलाल शशिकांत जोशी के मोबाइल से पताकर मंडल के सदस्य बीएल मेहरड़ा और सुनील शर्मा के फैसले संदिग्ध मानते हुए मंडल के अध्यक्ष आर वेंकटेश्वर और सदस्य मनोज नाग के कक्ष में रखी फाइलों की भी जांच के दायरे में ले लिया है। एसीबी ने सदस्य मेहरड़ा, सुनील शर्मा और दलाल शशिकांत जोशी को 10 अप्रैल की रात से ही हिरासत में ले रखा है। मेहरड़ा के जयपुर स्थित और दलाल जोशी के अजमेर स्थित आवासों से 40-40 लाख रुपए बरामद किए जा चुके हैं। मोबाइल में दर्ज बातें यदि सच निकली तो मंडल के कई सदस्य चपेट में आ सकते हैं। एसीबी के अधिकारी मोबाइल में दर्ज बातों को मिलान मंडल की फाइल और निस्तारित मुकदमों की फाइलों से कर रहे हैं। मंडल में खुले भ्रष्टाचार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दलाल शशिकांत जोशी ही फैसले टाइप कर रहा था। यानि सदस्य तो सिर्फ हस्ताक्षर करने के लाखों, करोड़ों रुपए वसूल रहे थे। रुपयों में इतना दम था कि कोर्ट में घोषणा से फैसले को संबंधित पक्षकार को पढ़ाया जाता था। पक्षकार के संतुष्ट होने पर सदस्य हस्ताक्षर करते थे। इसमें मंडल के कर्मचारियों की भी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। यदि अध्यक्ष वेंकटेश्वर के कक्ष में रखी फाइलों में गड़बड़ी निकलती है तो राजस्थान के प्रशासनिक अमले में बड़ा धमाका होगा। यहां यह उल्लेखनीय है कि मंडल के अध्यक्ष का पद मुख्य सचिव स्तर का होता है। पूर्व में मंडल में न्यायिक अधिकारियों के साथ साथ आईएएस को सदस्य नियुक्त किया जाता था, लेकिन बाद में आरएएस को भी सदस्य नियुक्त किया जाने लगा। मौजूदा समय में अध्यक्ष के अतिरिक्त पांच आईएएस, 12 आरएएस तथा दो दो पद न्यायिक और वकील कोटे के हैं। मंडल में इस समय अध्यक्ष वेंकटेश्वर के आईएएस के तौर पर विनीता श्रीवास्तव नियुक्त हैं। जबकि आरएएस के तौर पर बीएल मेहरड़ा, सुनील शर्मा, हरिशंकर गोयल, मनोज नाग, सुरेन्द्र माहेश्वरी तथा श्रवणलाल बुनकर नियुक्त हैं। इसी प्रकार न्यायिक कोटे से गणेश कुमार व पंकज नाचा हैं। वकील कोटे से सुरेन्द्र कुमार पुरोहित व रवि कुमार डांगी हैं। मंडल के कुछ सदस्य ईमानदार भी बताए जा रहे हैं, लेकिन एसीबी तो अब अधिकांश सदस्यों के फैसलों की भी जांच पड़ताल कर रही है। बैंकों में रविवार का अवकाश होने के कारण अब 12 अप्रैल को लॉकर खोले जाएंगे। मेहरड़ा और सुनील शर्मा के बैंक लॉकर भी नोट और जेवरात उगल सकते हैं। एसीबी की ताजा कार्यवाही से मंडल प्रशासन में खलबली मच गई है। हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in