Dhujani left in Suryanagari from cold wave
Dhujani left in Suryanagari from cold wave

शीतलहर से सूर्यनगरी में छूटी धूजणी

जोधपुर, 09 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। ऐसे में सर्दी में और चमक बढ़ गई है। मारवाड़ में भी सर्दी का असर और तेज हो गया है। शनिवार की सुबह से चल रही शीत लहर से आमजन को काफी प्रभावित कर दिया। शरीर में गलन पैदा करने के साथ ही कंपकंपी छूटने लगी है। सर्द हवा की गति 20-30 किलोमीटर की स्पीड से चलने से बेजा शीत का आभास हुआ है। बादलों ने भी डेरा जमा लिया है। सूयदेव के दर्शन सुबह दस बजे बाद हो पाए। बादलों में उनकी लुकाछिपी चल रही है। घना कोहरा भी बना हुआ है। शुक्रवार को एक बार मौसम पूरी तरह साफ होने के साथ चटक धूप भी खिली थी। मगर फिर से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनने से कोहरा, बादल व बारिश का मौसम बन गया है। रात को कुछेक स्थानों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश के समाचार भी मिले है। जोधपुर शहर व उसके आस-पास के इलाकों में आज सवेरे से ही कोहरा ओर बादल छाए हुए थे। दोपहर तक सूरज बादलों की ओट में छुपा रहा। साथ ही चली हवाओं ने सर्दी का प्रकोप बढ़ा दिया। उत्तर दिशा से आ रही तेज हवा के साथ आई शीत लहर तन को भेद रही है। हल्के कोहरे के साथ चल रही हवा ने लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। हालांकि न्यूनतम तापमान में ज्यादा कोई बदलाव नहीं आया और यह 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। लेकिन आज दिन का अधिकतम तापमान नीचे गिरने के आसार बने है। शहर पर छाई कोहरे की चादर ने सूरज की तपिश को भी थाम लिया। ऐसे में फिलहाल धूप भी खुलकर नहीं निकल पा रही है। शहर का अधिकतम तापमान तीन चार दिन से 22 डिग्री के आसपास बना हुआ है। आज चल रही तेज हवा के कारण दिन के तापमान में गिरावट आने के साथ सर्दी का सितम और झेलना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने आगामी तीन चार दिन तक मौसम के यथावत रहने की चेतावनी भी दी है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in