नेतरा के मनोहर अपहरण कांड की जांच सीबीआई को सौंपी

cbi-handed-over-investigation-of-manohar39s-kidnapping-case
cbi-handed-over-investigation-of-manohar39s-kidnapping-case

जयपुर, 20 मार्च (हि.स.)। पाली जिले की सुमेरपुर तहसील क्षेत्र के नेतरा गांव वे वर्ष 2016 में अपह्रत मनोहर राजपुरोहित के मामले की जांच सीबीआई करेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशों पर गृह विभाग की संयुक्त शासन सचिव नलिनी कठोतिया ने अपराध शाखा के अतिरिक्त महानिदेशक को इस संबंध में सिफारिश कर दी। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीनस्थ केन्द्रीय बाल श्रम सलाहकार बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने पिछले दिनों इस संबंध में पत्र लिखकर मुख्यमंत्री से इस मामले की जांच सीबीआई से कराने का अनुरोध किया था। पत्र में बताया गया कि सुमेरपुर तहसील क्षेत्र के नेतरा गांव निवासी सोलह वर्षीय मनोहर राजपुरोहित 23 नवम्बर 2016 को कोचिंग क्लास के लिए फालना गया था, लेकिन लौटकर नहीं आया। अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। इस संबंध में परिजनों की ओर से फालना में मामला दर्ज करवाने के बावजूद आज तक उसका पता नहीं चला। चार वर्ष से अधिक समय गुजर जाने के बावजूद मनोहर का कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए इस प्रकरण की जांच सीबीआई से करवाने का अनुरोध किया था। इस मामले पर राजस्थान समेत पूरे देश का राजपुरोहित समाज आक्रोशित हो चुका है। पिछले दिनों महाराष्ट्र के नेता राज के. पुरोहित के नेतृत्व में समाजबंधुओं ने एकजुट होकर आंदोलन का ऐलान किया था। इसी मसले पर पाली जिला कलक्ट्रेट पर समाजबंधुओं का उग्र प्रदर्शन हो चुका है। अब निम्बाड़ा के पत्र पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने का फैसला किया है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in