bjp39s-slogan-in-dhaulpur-against-the-state-government39s-policies
bjp39s-slogan-in-dhaulpur-against-the-state-government39s-policies

राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में धौलपुर में भाजपा का हल्ला बोल

धौलपुर,13 मार्च (हि.स.)। सूबे की सरकार की कथित जन विरोधी नीतियों के विरोध में भाजपा ने शनिवार को धौलपुर में हल्ला बोला। विरोध प्रदर्शन के तहत बाजार में रैली निकाल कर राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन उप जिला कलक्टर को सोंपा गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के विरुद्व जमकर नारेबाजी भी की। प्रदेश भाजपा के आह्वान पर शनिवार सुबह भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी स्थानीय गंगाबाई की बगीची पर एकत्रित हुए। इसके बाद में भाजपाईयों ने बाजार से होते हुए विरोध मार्च निकाला। शहर के सदर अस्पताल, हरदेव नगर, जगन तिराहा,सराय गजरा तथा लाल बाजार एवं गुलाब बाग चौहराहे होते हुए भाजपाई कलक्ट्रेट पंहुचे। इस मौके पर करौली-धौलपुर सांसद डा. मनोज राजोरिया ने कहा कि राजस्थान की गहलोत सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है। कांग्रेस ने प्रदेश के लोगों के साथ में वादाखिलाफी की है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगडी हुई है तथा महिलाओं पर अत्याचार बढे हैं। अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार वर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कर्जमाफी,बिजली की दरें नहीं बढाने तथा मंहगाई पर अंकुश लगाने के वायदे किए थे। लेकिन यह सभी वायदे झूठे साबित हुए हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान धौलपुर के प्रभारी जवाहर सिंह बेढम, धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाह, भाजपा महासचिव एवं पूर्व विधायक सुखराम कोली तथा सत्येन्द्र पाराशर एवं भाजपा नेता अशोक शर्मा सहित अन्य ने भी विचार व्यक्त किए। विरोध प्रदर्शन के बाद में भाजपा नेताओं ने उप जिला कलक्टर भारती भारद्वाज को एक ज्ञापन भी सोंपा। विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष कमल पहाडिया एवं राजीव रस्तोगी, मंडल अध्यक्ष नागवेन्द्र सिंह चौहान एवं अनिल सिंघल, भाजपा नेता नरेन्द्र गोस्वामी, मुकेश सक्सैना, युवा मोर्चा अध्यक्ष बॉबी परमार एवं महामंत्री रजत जनसंघी, दिनेश बागथरिया, आईटी सैल के हरेन्द्र राव,सोनल जैन एवं मदन लाल कोली सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप/संदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in