bjp-state-president-dr-pooni-kept-details-in-front-of-modi-nadda-39ram-ram39-from-vasundhara39s-modi
bjp-state-president-dr-pooni-kept-details-in-front-of-modi-nadda-39ram-ram39-from-vasundhara39s-modi

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पूनियां ने मोदी-नड्डा के सामने रखा ब्यौरा, वसुंधरा की मोदी से ‘राम-राम’

जयपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। नई दिल्ली में रविवार को हुई भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के समक्ष प्रदेश भाजपा की ओर से किए गए कामों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ‘राम-राम’ की। हालांकि, इस बीच दोनों के बीच बातचीत का ब्यौरा नहीं मिल पाया। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई दिल्ली में बैठक चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक को संबोधित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी सभी पदाधिकारियों और प्रदेशाध्यक्षों को एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी हिस्सा ले रहे हैं। बैठक के दौरान दोपहर 2.15 से लेकर 3.45 तक मोदी और नड्डा के समक्ष प्रदेशाध्यक्षों ने राज्यवार रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें अपने-अपने राज्यों के संगठन की संरचना और कार्ययोजना को लेकर जानकारी दी गई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने राजस्थान भाजपा इकाई के कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें उन्होंने प्रदेश में पार्टी की संरचना, सेवा कार्यों, पंचायतीराज और निकाय चुनाव और आगामी कार्ययोजना को लेकर जानकारी दी। मोदी और नड्डा ने प्रदेश टीम के कार्यों की सराहना की। इससे पहले भी दोनों नेता कोरोनाकाल में भी वर्चुअल माध्यम से राजस्थान भाजपा इकाई के सेवा कार्यो की प्रशंसा कर चुके हैं। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी हिस्सा ले रही हैं। लंबे समय बाद बैठक में पूनियां और राजे आमने-सामने हुए हैं। बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अनौपचारिक मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत का ब्यौरा सार्वजनिक नहीं हो पाया है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in