bjp-lost-in-3-out-of-4-cities-of-by-elections-congress-in-2-bodies-bjp-won-in-one-janta-sena-dominated-bhinder
bjp-lost-in-3-out-of-4-cities-of-by-elections-congress-in-2-bodies-bjp-won-in-one-janta-sena-dominated-bhinder

उपचुनाव वाले इलाकों के 4 में से 3 शहरों में भाजपा हारी, 2 निकायों में कांग्रेस, एक में भाजपा जीती, भिंडर में जनता सेना का दबदबा

अपडेट ....जयपुर, 31 जनवरी (हि.स.)। राजस्थान के 20 जिलों में 90 निकायों के चुनावों ने विधानसभा उपचुनाव की लड़ाई बहुत कड़ी होने के संकेत दे दिए है। गहलोत सरकार के लिए नतीजे 50-50 हैं। यानी सरकार होने के बावजूद विधानसभा की चारों सीटों पर उपचुनाव जीतने के लिए अब उसे अधिक मेहनत करनी होगी। विधानसभा उपचुनाव वाली चार सीटों में से मात्र एक शहर पर भाजपा का कब्जा हुआ है। कांग्रेस 2 जगह जीत गई है। चौथा शहर पूर्व विधायक रणधीरसिंह की जनता सेना के खाते में गया है। उपचुनाव वाली विधानसभा सीटों के इलाकों के चारों शहरी निकायों में 49.67 फीसदी वार्ड कांग्रेस ने जीते हैं जबकि बीजेपी केवल 32.90 फीसदी वार्ड ही जीत सकी है। कुल 155 वार्डों में से कांग्रेस 77 वार्ड और बीजेपी 51 वार्ड जीती है। निर्दलीयों और अन्य के खाते में 27 वार्ड गए हैं। राजसमंद सीट से भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी का निधन हुआ था। इस सीट को उपचुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा था। राजसमंद नगर परिषद के 45 वार्ड में से 26 वार्डों में जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस ने बहुमत प्राप्त किया है, वहीं भाजपा को 18 और एक जगह निर्दलीय प्रत्याशी को जीत मिली है। यहां सहानुभूति की लहर के बजाय पार्टी को निकाय चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। इस गढ़ को कांग्रेस ने छीन लिया है। पूर्व मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल की विधानसभा सीट सुजानगढ़ में सुजानगढ़ नगर परिषद और बिदासर नगर पालिका में चुनाव हुआ है। सुजानगढ़ नगर परिषद में कुल 60 वार्ड हैं। इनमें से सर्वाधिक 28 वार्ड कांग्रेस ने जीते हैं तो भाजपा के खाते में 19 वार्ड गए हैं। सुजानगढ़ नगर परिषद में जीते 13 निर्दलीय ही तय करेंगे कि यहां बोर्ड किसका बनेगा। बिदासर नगर पालिका के 35 वार्ड में से सर्वाधिक 16 वार्ड भाजपा ने जीते है। कांग्रेस को 13 वार्ड में ही जीत मिली है। ऐसे में 6 वार्डों से जीते निर्दलीय ही यह तय करेंगे कि बिदासर में किस पार्टी का बोर्ड बनेगा। सहाड़ा से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का भी निधन हो गया था। ऐसे में उनकी विधानसभा सीट सहाड़ा के अंतर्गत आने वाली गंगापुर नगर पालिका के चुनाव भी उपचुनाव के सेमीफाइनल माने जा रहे थे। सहाड़ा विधानसभा सीट के अंतर्गत गंगापुर नगर पालिका को कांग्रेस ने गंवा दिया। हालांकि महज एक वार्ड का अंतर है। ऐसे में यहां बाड़ाबंदी को लेकर उठापटक तेज हो गई है। यहां 25 में से भाजपा ने 13, जबकि कांग्रेस ने 12 वार्ड जीते हैं। यहां उलटफेर का अनुमान है। यहां पहले कांग्रेस का बोर्ड था। पायलट समर्थक विधायक गजेंद्रसिंह शक्तावत के निधन से खाली हुई भिंडर विधानसभा सीट के लिए जनता सेना का दावेदार भाजपा-कांग्रेस दोनों के लिए मुश्किल खड़ी करेगा। यह संकेत निकाय चुनाव के परिणाम ने दे दिए हैं। यहां बोर्ड पर फिर से रणधीर सिंह की जनता सेना ने कब्जा कर लिया है। नगरपालिका के 25 वार्डों में से 13 वार्ड जनता सेना के निर्दलीय जीते हैं। 10 पर कांग्रेस, जबकि 2 पर भाजपा है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in