bjp-has-become-the-largest-party-in-the-world-under-the-leadership-of-prime-minister-modi-dr-poonia

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है: डॉ. पूनियां

जयपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के 41वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति एवं विचार को लेकर वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को भाजपा प्रदेश कार्यालय से लेकर प्रदेशभर के सभी मंडलों पर कार्यकर्ताओं ने सुना। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पूनियां ने संबोधित करते हुए कहा कि, भारतीय जनता पार्टी एवं देश की एकता, अखंडता के लिए अपने आप को आहूत करने वाले महापुरुषों को नमन करता हूं। हम सब गर्व कर सकते हैं कि आज भारत स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में भारतीय जनता पार्टी ने देश के लोकतंत्र को नई उचाइयां दी हैं। डॉ. पूनियां ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने मुंबई के अधिवेशन में कहा था, कि पश्चिम घाट के किनारे खड़ा होकर पूरे आत्मविश्वास के साथ कह सकता हूं कि अंधेरा हटेगा, सूरज उगेगा और कमल खिलेगा, देश में कमल खिला, पूरी दुनिया ने देखा, आज कमल की धाक देश-प्रदेश में ही नहीं, पूरी दुनिया में है। जनसंघ की स्थापना से लेकर भाजपा जनता पार्टी तक के संघर्ष में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल जैसे महापुरुषों एवं असंख्य कार्यकर्ताओं का योगदान है। डॉ. पूनियां ने कहा कि, दुनिया में बहुत सारी विचारधाराओं की भीड़ है, लेकिन जो संगठन सही और उसकी नीति ठीक है, वही आज जनमानस की पसंद है, वो दल भाजपा है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 300 से अधिक लोकसभा सदस्यों एवं 18 करोड़ सदस्यों के साथ भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। डॉ. पूनियां ने कहा कि, राष्ट्रवाद की प्रेरणा से जनसंघ बना, राष्ट्रवाद के विचार से भाजपा का जन्म हुआ। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वह अपने परिश्रम से राजस्थान में भाजपा को हमेशा के लिये अजेय और अभेद्य बनाने का संकल्प लें। डॉ. पूनियां ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ, अनुच्छेद 370 को खत्म कर गृहमंत्री अमित शाह ने कश्मीर में आतंकवादियों की छाती पर तिरंगा फहराने का ऐतिहासिक कार्य किया और आतंकवाद का खात्मा कर वहां विकास के नये रास्ते खोले। प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, उपेनता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, भाजपा विधायक दल के सचेतक जोगेश्वर गर्ग, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह, प्रदेश मंत्री जितेन्द्र गोठवाल, अशोक सैनी, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अलका मूंदड़ा, प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष एम.सादिक खान, एसटी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जितेन्द्र मीणा, प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार, जयपुर ग्रेटर नगर निगम की मेयर सौम्या गुर्जर, अजमेर नगर निगम के डिप्टी मेयर नीरज जैन इत्यादि जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in