beautiful-events-and-colorful-events-will-be-celebrated-in-the-maru-festival-on-thursday
beautiful-events-and-colorful-events-will-be-celebrated-in-the-maru-festival-on-thursday

मरु महोत्सव में गुरुवार को रहेगी मनोहारी स्पर्धाओं व रंगारंग कार्यक्रमों की धूम

जैसलमेर, 24 फरवरी (हि. स.)। विख्यात परम्परागत मरु महोत्सव के दूसरे दिन 25 फरवरी (गुरुवार) को विभिन्न आकर्षक कार्यक्रम आयोजित होंगे। गुरुवार को विराट शोभायात्रा निकलेगी तथा पूनम स्टेडियम में विभिन्न आकर्षक स्पर्धाएं होंगी। चार दिवसीय मरु महोत्सव का आयोजन राजस्थान पर्यटन विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को प्रात: 9.30 बजे सोनार दुर्ग के प्रथम पोल से विराट शोभायात्रा निकलेगी। यह गोपा चौक, गांधी चौक आदि मुख्य मार्गों होते हुए प्रात: 10.30 बजे शहीद पूनमसिंह स्टेडियम पहुंचेगी। शोभायात्रा में सजे-धजे ऊंट, विभिन्न प्रतिस्पद्र्धाओं में भाग लेने वाले प्रतिभागी, बीएसएफ के ऊंटसवार जवान, विभिन्न बैण्ड्स, मूमल-महेन्द्रा की झांकियां आदि शामिल होंगी। इसमें जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं और संगठनों के प्रतिनिधि, पर्यटक, शहरवासी आदि शामिल होंगे। इसमें लोक कलाकारों के समूह रास्ते भर विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। प्रात: 10.30 बजे शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में 10 हजार गोल्डन गुब्बारे छोड़े जाएंगे। प्रात: 10.45 बजे से डेढ़ बजे तक मरु महोत्सव की विभिन्न प्रतिस्पर्धाएं होंगी। इनमें साफा बांध, मूमल-महेन्द्रा, मूंछ प्रतियोगिता, मिस मूमल, मिस्टर डेजर्ट आदि आकर्षक प्रतियोगिताएं शामिल हैं। गुरुवार को ही दिन में पूनम स्टेडियम में जाने-माने सैण्ड आर्टिस्ट अजय रावत (पुष्कर) द्वारा मरुस्थलीय लोक जीवन का दिग्दर्शन कराने वाली सैण्ड आर्ट आकृतियां दर्शाई जाएंगी। इस दिन दोपहर 1.30 से शाम 4 बजे तक जैसलमेर शहर में ‘डाईन विद जैसलमेर’ कार्यक्रम होगा। इसके अन्तर्गत गांधी चौक स्थित नाचना हवेली के आगे सभी पर्यटक एकत्रित होंगे तथा वहां से आतिथ्य सत्कार पाने के लिए विभिन्न समूहों में शहरवासियों के घर पहुंच कर जैसाण के लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगे। इस दौरान पर्यटकों की आवभगत वाले स्थलों पर लोक कलाकार लोक वाद्यों की सुमधुर स्वर लहरियों के साथ मनोहारी प्रस्तुतियों का आनंद देंगे। कार्यक्रम के दौरान पर्यटक कलाकारों और संस्कृतिकर्मियों से सीधा संवाद कायम करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का शमन कर सकेंगे। गुरुवार शाम 5 बजे से गड़ीसर झील पर जगमग जैसलमेर की गतिविधियां होंगी। इसके अन्तर्गत गड़ीसर झील को रोशनी से जगमग किया जाएगा। गड़ीसर झील क्षेत्र को राजस्थानी परिवेश की सम्पूर्ण झलक दिखाने वाली विद्युत साज-सज्जा होगी। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात 7 से रात्रि 10 बजे तक गड़ीसर झील में विशेष रूप से बनाए तैरते मंच पर मशहूर गायक सूर्यवीर द्वारा रॉकिंग म्यूजिकल नाईट विथ सूर्यवीर की रंगारंग प्रस्तुतियां मन मोहेंगी। इन सभी कार्यक्रमों को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इसके उपरान्त आतिशबाजी के रंगीन नज़ारों का दिग्दर्शन होगा। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in