a-wave-of-mourning-among-party-supporters-on-the-death-of-rld-chief-ajit-singh-many-expressed-condolences
a-wave-of-mourning-among-party-supporters-on-the-death-of-rld-chief-ajit-singh-many-expressed-condolences

आरएलडी प्रमुख अजीत सिंह के निधन पर पार्टी समर्थकों में शोक की लहर, कईयों ने प्रकट की संवेदना

जयपुर, 06 मई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख रहे चौधरी अजीत सिंह का गुरुवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने 82 वर्ष की उम्र में गुडगांव के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें फेफड़ों में इन्फेक्शन फैलने और निमोनिया होने के चलते अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद वे कोरोना संक्रमण की जद में भी आ गए, जिसके बाद उनकी हालत और गंभीर होती चली गई। चौधरी अजीत सिंह के निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां तथा पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत कई जनप्रतिनिधियों ने संवेदना प्रकट की है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजीत सिंह के निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों, मित्र और समर्थकों को यह दुख सहने करने की शक्ति प्रदान करें। मेरी संवेदना उनके परिजनों के साथ हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया कि आरएलडी के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह जी के निधन पर मेरी हार्दिक संवेदना। भगवान इस नुकसान को सहन करने के लिए अपने परिवार के सदस्यों और समर्थकों को शक्ति दें। उनकी आत्मा को शांति मिले। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लिखा कि राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने आजीवन किसान, मज़दूर एवं अन्य वंचित वर्गों के कल्याण के लिए संघर्ष किया। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति एवं परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना करती हूं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने लिखा कि किसान नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन के समाचार से अत्यंत दुख हुआ। राष्ट्रहित में उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों का देश सदैव ऋणी रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को यह कष्ट सहन करने का हौसला प्रदान करें। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने लिखा कि राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। गहलोत सरकार बनाने में रहा था योगदान चौधरी अजीत सिंह ने मौजूदा गहलोत सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सिंह की पहल पर ही बीते विधानसभा चुनाव के दौरान राष्ट्रीय लोकदल ने कांग्रेस को सहयोग देने का फैसला किया था। इसके बाद टिकट वितरण के दौरान कांग्रेस ने राज्य की दो सीटें रालोद के लिए सुरक्षित रख दी थी। इससे पहले भी आरएलडी का राजस्थान में कांग्रेस के साथ गठबंधन रहा है। दो में से एक भरतपुर विधानसभा सीट से रालोद प्रत्याशी रहे डॉ. सुभाष गर्ग चुनाव जीतने में कामयाब रहे। चुनाव परिणाम आने के बाद बतौर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह ने पार्टी के विधायक को कांग्रेस का सहयोग देने के निर्देश दिए। रालोद के टिकट पर भरतपुर से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद डॉ. सुभाष गर्ग को मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर भी चौधरी अजीत सिंह ने ही अहम् भूमिका निभाई। ये अजीत सिंह की लॉबिंग का ही असर माना जाता है कि डॉ. गर्ग को रालोद के कोटे से मंत्री बनाया गया। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in