मुंबई उपनगरीय खंड पर 21 से कुल 500 विशेष लोकल ट्रेनें चलाएगी पश्चिम रेलवे
मुंबई उपनगरीय खंड पर 21 से कुल 500 विशेष लोकल ट्रेनें चलाएगी पश्चिम रेलवे

मुंबई उपनगरीय खंड पर 21 से कुल 500 विशेष लोकल ट्रेनें चलाएगी पश्चिम रेलवे

मुंबई, 20 सितंबर, (हि. स.)। वर्तमान में महाराष्ट्र सरकार द्वारा अधिसूचित आवश्यक सेवाओं के कर्मचारियों के लिए पश्चिम रेलवे द्वारा मुंबई उपनगरीय खंड पर 350 विशेष उपनगरीय सेवाएं परिचालित की जा रही हैं। सामाजिक दूरी के प्रोटोकॉल के समुचित अनुपालन और यात्रियों की भीड़ से बचने के लिए, पश्चिम रेलवे ने सोमवार, 21 सितम्बर, 2020 से दैनिक विशेष उपनगरीय सेवाओं की संख्या 350 से बढ़ाकर 500 करने का निर्णय लिया है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित ठाकुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यात्रियों की सुविधा के लिए बढ़ाई जा रही 150 सेवाओं में से, सुबह के पीक आवर्स के दौरान 30 सेवाओं और शाम के पीक आवर्स के दौरान 29 सेवाओं को बढ़ाया गया है। ठाकुर ने बताया कि विरार सेक्टर में 74 सेवाओं की वृद्धि की गई है, जिनमें विरार से 37 सेवाएं (34 तेज और 3 धीमी) अप दिशा में और 37 सेवाएं विरार की ओर (34 तेज और 3 धीमी) डाउन दिशा में होंगी। इसी तरह, बोरीवली सेक्टर में 76 सेवाओं में वृद्धि की गई है, जिनमें चर्चगेट की ओर अप दिशा में 37 धीमी सेवाएं और डाउन दिशा में बोरीवली की ओर 39 सेवाएं (38 धीमी और 1 तेज) शामिल हैं। गौरतलब है कि 23 मार्च, 2020 से कोविड लॉकडाउन के कारण पूर्णत: बंद होने के बाद, महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर पश्चिम रेलवे ने 15 जून, 2020 से मुंबई उपनगरीय खंड पर विशेष उपनगरीय ट्रेनों की चयनित सेवाओं की पुनः शुरुआत की थी। यात्रियों की सुविधा के लिए तथा भीड़ से बचने और सामाजिक दूरी बनाये रखने के लिए इन विशेष सेवाओं को धीरे-धीरे बढ़ाया गया। महामारी के वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए, पश्चिम रेलवे पर विशेष उपनगरीय ट्रेनों और स्टेशनों पर समुचित स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से सफाई और सैनिटाइजेशन किया जाता है। पश्चिम रेलवे ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा अनुमत सभी यात्रियों को विशेष उपनगरीय ट्रेनों में यात्रा करते समय सामाजिक दूरी के मानदंडों का उचित पालन करने और हमेशा मास्क पहनने का अनुरोध किया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा अनुमत विशिष्ट श्रेणियों के अलावा किसी और को इन विशेष ट्रेनों में यात्रा नहीं करनी चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in