महाराष्ट्र में बकरी ईद के लिए गृह विभाग का दिशानिर्देश जारी
महाराष्ट्र में बकरी ईद के लिए गृह विभाग का दिशानिर्देश जारी

महाराष्ट्र में बकरी ईद के लिए गृह विभाग का दिशानिर्देश जारी

मुंबई, 18 जुलाई (हि. स.)। महाराष्ट्र में मुस्लिम समुदाय द्वारा बकरी ईद की अनुमति देने की मांग के बीच गृह विभाग ने त्यौहार के लिए दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। मुस्लिम बंधुओं को बकरी ईद पर्व को सादगी और सुरक्षा के साथ घर पर ही रहकर मनाने की अपील की गई है। कोरोना महामारी के कारण गृह विभाग ने इस वर्ष बकरी ईद मनाने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। गृह विभाग के प्रधान सचिव (विशेष) अमिताभ गुप्ता ने सभी संबंधितों से इसका पालन करने की अपील की है। दिशानिर्देश में कहा गया है कि प्रदेश में सभी धार्मिक गतिविधियों को कोविद -19 के कारण प्रतिबंधित किया गया है। बकरीद की ईद की नमाज नागरिकों द्वारा अपने घरों में अदा की जानी चाहिए। मस्जिदों, ईदगाहों या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा नहीं की जानी चाहिए। वर्तमान में जानवरों के बाजार बंद रहेंगे। यदि जानवरों को खरीदना चाहते हैं, तो ऑनलाइन या टेलीफोन द्वारा खरीदी की जाए। संभव हो तो प्रतीकात्मक कुर्बानी दी जानी चाहिए। कन्टेनमेंट एरिया में प्रतिबंध यथावत रहेगा। बकरी ईद के मौके पर कोई ढील नहीं दी जाएगी। बकरी ईद के मौके पर सार्वजनिक स्थान पर भीड़ नहीं जुटनी चाहिए। सरकारी मदद और पुनर्वास, स्वास्थ्य, पर्यावरण, चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ-साथ संबंधित मनपाओं, पुलिस, स्थानीय प्रशासन द्वारा कोविद -19 वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। दिशानिर्देश में कहा गया है कि त्योहार की वास्तविक शुरुआत के बीच कोई और निर्देश जारी किए जाते हैं, तो उनका अनुपालन किया जाना चाहिए। गुप्ता ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार की वेबसाइट www.maharashtra.gov.in पर दिशानिर्देश उपलब्ध हैं और इसका कोड 202007171711146729 है। इससे पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने जनप्रतिनिधियों के साथ मुस्लिम बंधुओं से अपील की थी कि बढ़ते हुए कोरोना प्रकोप की पृष्ठभूमि को देखते हुए सावधानी और सादगी के साथ बकरी ईद मनाएं। गृहमंत्री अनिल देशमुख ने भी मुस्लिम समुदाय से बकरी ईद सादगी से मनाने की अपील की थी। हिन्दुस्थान समाचार/ विनय / राजबहादुर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in