ऐरोली-काटई एलिवेटेड परियोजना की दूसरी सुरंग का काम शुरू
ऐरोली-काटई एलिवेटेड परियोजना की दूसरी सुरंग का काम शुरू

ऐरोली-काटई एलिवेटेड परियोजना की दूसरी सुरंग का काम शुरू

मुंबई, 24 दिसंबर (हि.स.)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से सटे ठाणे में ऐरोली-काटई एलिवेटेड परियोजना की दूसरी सुरंग के काम की शुरूआत हो गई है। इस परियोजना का काम पूरा होने के बाद मुंबई, नवी मुंबई और कल्याण-डोंबिवली शहर को एक दूसरे से जोडा़ जा सकेगा। एरोली से डोंबिवली की दूरी केवल 15 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इस परियोजना का काम अगले डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य है। नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को बलास्ट करके टनल के काम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कल्याण के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे भी उपस्थित थे। शिंदे ने बताया कि इस परियोजना से शीलफाटा पर होनेवाली ट्राफिक की समस्या से निजात मिलेगी। इसके अलावा ऐरोली-कटाई मार्ग के बगल में वाई जंक्शन ब्रिज का भी काम चल रहा है। शिलफाटा फ्लाईओवर के लिए निविदा प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है । फ्लाईओवर पर काम जल्द ही शुरू होगा। ठाणे बेलापुर एलिवेटेड फ्री वे मुंबई को ठाणे से जोड़ने वाले ईस्टर्न फ्री वे के समान होगा। भविष्य में इस क्षेत्र की बढ़ती आबादी और सड़कों की आवश्यकता को देखते हुए, यह मार्ग ट्राफिक की समस्या से निपटने में बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। इस मार्ग का काम अगले डेढ़ साल में पूरा हो जाएगा, जिसके बाद ऐरोली और काटई के बीच की दूरी कम हो जाएगी। क्षेत्र में यातायात तेजी से होगा। दूसरे चरण में डोंबिवली के पास एक फ्लाईओवर और शीलाफाटा में एक ओवरब्रिज व अंडरपास बनाया जाएगा, जो भविष्य में क्षेत्र में ट्राफिक की समस्या से निजात दिलाएगा। सां सांसद श्रीकांत शिंदे के अनुसार कल्याण, डोंबिवली और बदलापुर के निवासियों को इससे लाभ होगा। ऐरोली-काटई सुरंग की लंबाई 1.68 किमी है। सुरंग के दोनो तरफ तीन-तीन फुटपाथ होंगे। सुरंग में दोनों तरफ मरम्मत कार्य के लिए लेन भी होगी। इसके अलावा टनल में सुरक्षा के लिए एकजास्ट फैन, सीसीटीवी कैमरे और उच्च गुणवत्ता वाली आग बुझाने की प्रणाली भी होगी। कल्याण विकास केंद्र और विरार-अलीबाग मल्टीमॉडल कॉरिडोर इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के दृष्टिकोण से यह मार्ग बहुत महत्वपूर्ण है। यह परियोजना भविष्य में क्षेत्र की काया पलट देगी। हिन्दुस्थानन समाचार/ विनय/ राजबहादुर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in