महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग में 17 हजार पदों पर होगी भर्ती
मुंबई, 18 जनवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती होने जा रही है। जल्द ही राज्य में 17 हजार पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। यह भर्ती प्रक्रिया डिजिटल परीक्षा के साथ होगी। एक महीने में ही परीक्षा प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे के अनुसार ग्राम विकास स्वास्थ्य विभाग में कुल 10 हजार भर्ती की जाएगी। शेष 7 हजार पदों पर भर्ती अन्य विभागों में की जाएगी। इनमें से 50 फीसदी पदों के लिए आज से आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग के सचिव को भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। इनमें जीएनएम, नर्स, टेक्नीशियन, अलग-अलग पदों की भर्ती होगी। एक महीने के भीतर 15 फरवरी तक परीक्षा हो जाएगी और परिणाम दूसरे दिन जारी किए जाएंगे। हिन्दुस्थान समाचार/ विनय-hindusthansamachar.in