indian-navy-rescues-cargo-vessel-stranded-in-gulf-of-oman
indian-navy-rescues-cargo-vessel-stranded-in-gulf-of-oman

ओमान की खाड़ी में फंसे मालवाहक पोत को बचाया भारतीय नौसेना ने

मुंबई, 12 मार्च (हि.स.)। ओमान की खाड़ी में फंसे मालवाहक जहाज को भारतीय नौसेना के जवानों ने सुरक्षित निकालने में सफलता हासिल की है। यह मालवाहक जहाज बीते मंगलवार से समुद्र में फंसा हुआ था। नेवी से मिली जानकारी के अनुसार एमवी नयन के संकट में फंसे होने की सूचना मिलते ही भारतीय नौसेना पोत ने अपनी तकनीकी टीम को एक नाव द्वारा मदद के लिए भेजा। मालवाहक पोत के चालक दल को सहायता पहुंचाई गई। यह कार्गो शिप ओमान से इराक जा रहा था। एमवी नयन के उपकरणों के संचालन के लिए नौसेना की टीम ने सात घंटे तक लगातार काम किया। पोत के दोनों जेनरेटर, स्टीयरिंग पंप, सी वॉटर पंप, कंप्रेसर और मुख्य इंजन को दुरुस्त किया गया। इससे जहाज फिर से समुद्र में संचालित हो सका। एमवी नयन के अगले बंदरगाह तक पहुंचने तक नौसैनिक दल ने जीपीएस और नेविगेशन रोशनी जैसे नेविगेशन उपकरणों के संचालन में सहायता की। ओमान की खाड़ी में तैनात आईएनएस तलवार को एक मालवाहक जहाज एमवी नयन से तकनीकी सहायता के लिए अनुरोध किया गया था। सूचना मिलते ही फौरन नेवी के जवान सहायता के लिए निकल पड़े। भारतीय मालवाहक जहाज एमवी नयन में तकनीकी खराबी आने से बीते 9 मार्च से उसके चालक दल समुद्र में फंसे हुए थे। हिन्दुस्थान समाचार/ विनय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in