in-other-states-the-use-of-wasted-vaccines-is-being-imposed-in-the-name-of-maharashtra-health-minister-tope
in-other-states-the-use-of-wasted-vaccines-is-being-imposed-in-the-name-of-maharashtra-health-minister-tope

अन्य राज्यों में बर्बाद होने वाले टीकों का इस्तेमाल महाराष्ट्र के नाम थोपा जा रहा है: स्वास्थ्य मंत्री टोपे

मुंबई, 09 अप्रैल (हि. स.)। अन्य राज्यों में बर्बाद होने वाले टीकों का इस्तेमाल महाराष्ट्र के नाम थोपा जा रहा है। महाराष्ट्र में टीके की बर्बादी की दर राष्ट्रीय औसत के आधे से भी कम है। यह कहते हुए महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के आरोप का जवाब दिया है। इससे पहले राजेश टोपे ने कहा था कि वैक्सीन नहीं होने से महाराष्ट्र में लोगों को टीकाकरण केंद्रों से वापस लौटना पड़ रहा है। राज्य में केवल 3 दिन का स्टॉक शेष बचा है। टोपे ने हर सप्ताह चार लाख वैक्सीन देने की मांग की थी। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावेडकर ने कल कहा कि महाराष्ट्र के पास वैक्सीन के 23 लाख डोज हैं, जो कि पांच दिनों के लिए सप्लाई किए गए हैं। हर राज्य में कोविड वैक्सीन का 3 से 4 दिन क स्टॉक है। यह राज्य की जिम्मेदारी बनती है कि वो विभिन्न जिलों में वैक्सीन पहुंचाए। असल में महाराष्ट्र सरकार ने वैक्सीन के पांच लाख डोज बर्बाद कर दिए हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने परोक्ष रूप से आरोप लगाया था कि वैक्सीनेशन में देश के अन्य राज्यों से नंबर वन चल रहे महाराष्ट्र को भाजपा शासित राज्यों की तुलना में कम वैक्सीन दी जा रही है। महाराष्ट्र में प्रति सप्ताह 40 लाख वैक्सीन की जरूरत है। लेकिन केंद्र सरकार की ओर से साढ़े सात लाख वैक्सीन दी गई है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश को 48 लाख, मध्य प्रदेश को 40 लाख, गुजरात को 30 लाख और हरियाणा को 24 लाख टीके दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने सवाल उठाया कि टीकाकरण में अग्रसर रहने वाले और सर्वाधिक मरीजों वाले प्रदेश महाराष्ट्र को केवल साढ़े सात लाख वैक्सीन क्यों? टोपे ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने कल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने 15 अप्रैल के बाद इसमें वृद्धि करके 17.5 लाख वैक्सीन भेजने का आश्वासन दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/ विनय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in