श्रमिकों, गरीबों एवं बेसहारों का सुरक्षा कवच है संबल योजना - खाद्य मंत्री सिंह
श्रमिकों, गरीबों एवं बेसहारों का सुरक्षा कवच है संबल योजना - खाद्य मंत्री सिंह

श्रमिकों, गरीबों एवं बेसहारों का सुरक्षा कवच है संबल योजना - खाद्य मंत्री सिंह

अनूपपुर, 23 सितम्बर (हि.स.)। गरीब की आजीविका का मुख्य साधन श्रम होता है, समस्या से ग्रसित होने पर अगर श्रम की राह अवरुद्ध हो जाय तो आजीविका सुचारु रूप से चलाए रख पाना अत्यंत दुष्कर कार्य हो जाता है। ऐसे परिवारों को विपत्ति के समय सशक्त साथ देने हेतु संबल योजना प्रारम्भ की गयी थी। इस योजना के माध्यम से जन्म से लेकर मृत्यु तक श्रमिक/गरीब/ बेसहारा परिवार के उत्थान एवं सहयोग हेतु शासन सुरक्षात्मक कवच प्रदान करती है। यह बातें बुधवार को गरीब कल्याण सप्ताह अंतर्गत जैतहरी में आयोजित मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजनांतर्गत अनुग्रह सहायता राशि वितरण कार्यक्रम में खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि प्रगति के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए शासन निरंतर प्रयास कर रही है। विभिन्न योजनाओ के माध्यम से विकास की राह में पीछे छूट गए वर्ग को आधारभूत सुविधाएँ-आवास,भोजन, शिक्षा एवं रोजगार/ स्वरोजगार के माध्यम से सशक्त किया जा रहा है। उन्होनें नागरिकों से अपील की है कि सकारात्मक सोच के साथ शासन पर पूर्ण भरोसा रख जनहितकारी योजनाओं का लाभ लेकर प्रगति पथ पर आगे बढ़े एवं सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगे आकर हितग्राहियों को योजनाओ की जानकारी दें एवं पात्रतानुसार निर्धारित समयावधि में हितलाभ का अंतरण सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ मिलिंद नागदेवे ने बताया कि लिपिकीय त्रुटि से ग्राम पंचायत धनगवाँ के हितग्राहियों का नाम सूची से विलोपित हो गया था। इस सम्बंध में विभाग स्तर पर पत्राचार किया गया है। एक सप्ताह में त्रुटि में सुधार कर समस्त पात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत हितलाभ अंतरण सुनिश्चित किया जाएगा। 73 लाभार्थियों को सिंगल क्लिक से अंतरित हुई 1 करोड़ 64 लाख की राशि खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने जैतहरी निवासी रामप्रसाद कोल एवं कमली सोनी, ग्राम पंचायत देवहरा के शेख सिकंदर खान, ग्राम जरियारी के सियालाल केवट, ग्राम बीड़ की राजकुमारी द्विवेदी, ग्राम सेंदुरी की चम्पा बाई कोल एवं ग्राम पथरौड़ी के प्रेम सिंह को संबल योजनांतर्गत प्रतीकात्मक रूप से परिजनों की सामान्य मृत्यु तथा ग्राम पंचायत छुल्हा की अनुसुइया बाई पनिका को परिजनों की दुर्घटना मृत्यु पर क्रमश: 2 लाख एवं 4 लाख रुपये की राशि के स्वीकृति पत्रक दिये गए। उल्लेखनीय है कि राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 3700 हितग्राहियों को 80 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि ऑनलाइन सीधे खातों में अंतरित की गई। श्रम निरीक्षक स्नेहा जायसवाल ने बताया कि अनूपपुर जिले में बुधवार को 73 सम्बल लाभार्थियों को सिंगल क्लिक से मुख्यमंत्री द्वारा 1 करोड़ 64 लाख की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की गई है। जिले में अब तक 1093 हितग्राहियों को 55 लाख की अंत्येष्टि सहायता राशि, परिजनों की सामान्य मृत्यु पर 834 हितग्राहियों को 16 करोड़ 68 लाख की अनुग्रह सहायता राशि तथा परिजनों की दुर्घटना मृत्यु पर 87 हितग्राहियों को 3 करोड़ 48 लाख की राशि अंतरित की जा चुकी है। इस दौरान भोपाल से प्रसारित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के उदबोधन का श्रवण एवं दर्शन किया। हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश शुक्ला-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in