मप्रः इसबार लंबा चलेगा ठंड का दौर, राज्य में हाड़ कंपाने वाली सर्दी
मप्रः इसबार लंबा चलेगा ठंड का दौर, राज्य में हाड़ कंपाने वाली सर्दी

मप्रः इसबार लंबा चलेगा ठंड का दौर, राज्य में हाड़ कंपाने वाली सर्दी

भोपाल, 18 दिसम्बर (हि.स.)। राज्य में ठंड पूरे शबाब पर है। कई जिलों में शीतलहर चल रही है। राजधानी भोपाल में रात के साथ दिन में तेज सर्दी है। मौसम विभाग की मानें तो इस साल मध्य प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का दौर थोड़ा लंबा चल सकता है। ला-निना प्रभाव के चलते इसबार फरवरी तक लोगों को कंपकंपाती ठंड का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी भोपाल में मौसम साफ होने के साथ ही ठंड ने जोर पकड़ लिया है। सुबह से तेज धूप निकल रही है लेकिन हवा चलने से धूप कमजोर लग रही है। दिन के समय भी लोगों को गर्म कपड़े का सहारा लेना पड़ रहा है। भोपाल में शुक्रवार को अधिकतम 21.4 और न्यूनतम 10.6 रहा। वहीं राज्य के सिंगरौली, सतना, उमरिया, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, गुना, अशोकनगर और ग्वालियर जिलों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरा रहा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि इस साल अक्टूबर माह में ही प्रशांत महासागर में ला-निना प्रभाव दिखने लगा था। इसके चलते नवंबर में कई पश्चिमी विक्षोभ आए, इसके असर से उत्तर भारत में जल्दी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मध्य प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान में गिरावट आयी और अब ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। अनुमान है कि ला-निना प्रभाव के मजबूत होने के चलते फरवरी 2021 तक ठंड का प्रभाव बना रहेगा। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in