नगर पालिका अध्यक्ष के लिए आरक्षण पर सबकी निगाहें
नगर पालिका अध्यक्ष के लिए आरक्षण पर सबकी निगाहें

नगर पालिका अध्यक्ष के लिए आरक्षण पर सबकी निगाहें

शिवपुरी, 06 दिसम्बर (हि.स.)। शिवपुरी नगरपालिका परिषद के लिए इस बार अध्यक्ष का पद किस वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा, इसका फैसला 9 दिसंबर को होगा। भोपाल में 9 दिसंबर को आगामी सामान्य निर्वाचन के लिये महापौर, अध्यक्ष पद के आरक्षण की कार्यवाही 9 दिसम्बर को सुबह 11 बजे से रवीन्द्र भवन, भोपाल के सभागृह में की जाएगी। आरक्षण की प्रक्रिया की तारीख का ऐलान हो जाने के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि शिवपुरी नगर पालिका के अध्यक्ष का पद किस वर्ग के लिए आरक्षित होता है। वैसे बीते 2015 में हुए चुनाव के दौरान शिवपुरी नगर पालिका का अध्यक्ष पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सीट रहा था लेकिन इस बार संभावना जताई जा रही है कि अध्यक्ष की सीट सामान्य वर्ग के खाते में जा सकती है। जानकारों का कहना है कि वैसे संभावना यही है कि सामान्य वर्ग के लिए अध्यक्ष की सीट आरक्षित होगी। इसके अलावा पिछ़डा वर्ग महिला के लिए भी सीट आरक्षित हो सकती है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि 9 दिसंबर को जब प्रक्रिया होगी तब यह सीट किस खाते में जाती है। सामान्य सीट हुई तो बढ़ेगी दावेदारों की संख्या- इस बार सामान्य सीट हुई तो नपा अध्यक्ष के लिए दावेदारों की संख्या काफी रहने वाली है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों से सीधे तौर पर अध्यक्ष के लिए टिकट मांगने वालों की संख्या ज्यादा रहेगी। खासकर सत्ताधारी दल से जुड़े भाजपा में नपाध्यक्ष के लिए टिकट दावेदारों की संख्या ज्यादा है। फिलहाल तो जो दावेदार हैं वह इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि पहले आरक्षण की स्थिति क्लीयर हो जाए इसके बाद दावेदार अपनी अपने टिकट के लिए जोर अजमाएंगे। भोपाल में होगी प्रक्रिया- शिवपुरी नगर पालिका परिषद के 39 वार्डों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूर्व में ही हो चुकी है। इसके अलावा जिले के विभिन्न नगर परिषदों के लिए भी वार्ड आरक्षण हो चुका है। अब अध्यक्षों का आरक्षण होना है। प्रदेश के नगरपालिक निगमों, नगरपालिका और नगर परिषदों के आगामी सामान्य निर्वाचन के लिये महापौर, अध्यक्ष पद के आरक्षण की कार्यवाही 9 दिसम्बर को सुबह 11 बजे से रवीन्द्र भवन, भोपाल के सभागृह में की जाएगी। महापौर, अध्यक्ष पद के आरक्षण की कार्यवाही 407 नगरीय निकायों के लिये की जायेगी। इनमें 16 नगरपालिक निगम, 99 नगरपालिका और 292 नगर परिषद हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ रंजीत गुप्ता-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in