केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल व फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया अटलजी की मूर्ति का अनावरण
केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल व फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया अटलजी की मूर्ति का अनावरण

केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल व फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया अटलजी की मूर्ति का अनावरण

नरसिंहपुर, 26 दिसम्बर (हि.स.)। केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल और केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने शनिवार को गोटेगांव में जनपद पंचायत परिसर में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी एवं विधायक जालम सिंह पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। यहां अतिथियों ने 25 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया। ये कार्य जनपद पंचायत एवं नगर पालिका क्षेत्र गोटेगांव में कराये गये हैं। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री पटेल ने अटल जी का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी के विचार सभी के लिए आदर्श के रूप में विद्यमान हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए उन्होंने भारत को विश्व के पटल पर वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित किया। उन्होंने भारतीय राजनीति में उच्च नैतिक मूल्यों एवं आदर्शों को सदैव प्राथमिकता दी। अटल जी ने देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र को विकसित करने की पहल की, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गति दी। अटल जी ने असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के हित में अनेक कार्य किये हैं। उन्होंने मजदूरों के बच्चों की पढ़ाई एवं स्वास्थ्य की योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया। पटेल ने कहा कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ काम करने का सौभाग्य मिला। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 2018 तक सभी घरों में बिजली, 2022 तक सभी के लिए पक्के आवास बनाने की योजना उनकी विकास की सोच का प्रमाण है। नलजल योजना का लाभ अब गोटेगांव वासियों को मिलेगा, इसके लिए उन्होंने सभी को बधाई दी। इस दौरान पटेल ने अटल जी से जुड़े रोचक संस्मरण भी सुनाये। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री कुलस्ते ने कहा कि सुशासन की कल्पना को पुष्ट करने में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का महत्वपूर्ण योगदान है। राष्ट्र निर्माण की दिशा में उनके द्वारा किये गये कार्य वर्तमान समय में भी प्रासंगिक है। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों के साथ मिलकर राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने के साथ- साथ अंतर्राष्ट्रीय राजनीति को नई दिशा प्रदान की। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं अंतिम छोर के व्यक्ति के कल्याण के विचार को फलीभूत किया। वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नलजल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि ने कमजोर एवं गरीब लोगों की जीवनशैली में सकारात्मक रूप से बदलाव किया है। 2024 तक देश के हर एक घर में पेयजल की व्यवस्था करने का लक्ष्य भी सरकार द्वारा रखा गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 से अभी तक न्यूनतम समर्थन मूल्य में लगभग 42 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गई है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा हाल ही में देश के 9 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है। काव्य नाट्य अनुभूति के स्वर की प्रस्तुति इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं पर आधारित काव्य नाट्य अनुभूति के स्वर की प्रस्तुति दी गई। यह प्रस्तुति संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से सीएफपीजीएस योजना के अंतर्गत द रिफ्लेक्शन सोसायटी फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स एंड कल्चर भोपाल द्वारा दी गई। इसकी प्रस्तुति परिकल्पना एवं निर्देशन तनवीर अहमद का रहा। इस काव्य नाटक का दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया और सराहा। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in