कांग्रेस में अंतर्कलह, भाजपा के कार्यकर्ता जोश और उत्साह से भरेः भूपेंद्र सिंह
कांग्रेस में अंतर्कलह, भाजपा के कार्यकर्ता जोश और उत्साह से भरेः भूपेंद्र सिंह

कांग्रेस में अंतर्कलह, भाजपा के कार्यकर्ता जोश और उत्साह से भरेः भूपेंद्र सिंह

भोपाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। चुनाव नजदीक है, लेकिन कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलह जोरों पर है। पार्टी के सभी बड़े नेता नेता गायब हैं। आंतरिक लोकतंत्र नाम की चीज नही रह गई है। दूसरी तरफ भाजपा के कार्यकर्ता जोश और उत्साह से भरे हुए हैं। उनका यह उत्साह विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे मंडल सम्मेलनों में दिखाई दे रहा है। .यह बात भारतीय जनता पार्टी की चुनाव प्रबन्ध समिति के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सिंह ने शुक्रवार को प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक के पश्चात मीडिया से बातचीत में कही। कांग्रेस में कोई नेता नहीं भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अंर्तकलह जोरों पर है। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पूरा चुनाव अभियान चला रहे हैं। दूसरी तरफ भूरिया जी, सुरेश पचौरी, अरुण यादव, अजय सिंह समेत सारे नेता गायब हैं। इसीलिए अब पड़ोसी राज्यों से नेताओं और मुख्यमंत्रियों को चुनाव प्रचार के लिए आयात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता लुप्त-सुप्त है। चुनाव परिदृश्य में उसकी सक्रियता कहीं दिखाई नहीं दे रही है। पार्टी में कमलनाथ तानाशाही चला रहे हैं ये आरोप खुद डॉ गोविंद सिंह लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में लोकतंत्र समाप्त हो चुका है। सर्वे के नाम पर पीसीसी अध्यक्ष तानाशाही चलाने लगे हैं, जिसका प्रभाव पार्टी कार्यकर्ताओं पर पड़ रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बनेगा जीत का आधार भूपेंद्रसिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 28 विधानसभा क्षेत्रों में जोरदार और प्रभावी मंडल सम्मेलन कर रही है। भाजपा के कार्यकर्ता उत्साह और पूरे जोश से इन सम्मेलनों में भाग ले रहे हैं। प्रदेश का नेतृत्व, मध्यप्रदेश के केंद्रीय मंत्रीगण, राष्ट्रीय पदाधिकारी सभी इन मंडल सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दे रहे हैं। इन सम्मेलनों में हमारा बूथ स्तर का कार्यकर्ता भाग ले रहा है, जिसका उत्साह हमारी प्रचण्ड जीत का कारण बनेगा। इन सम्मेलनों को और प्रभावी बनाने के लिए 28 विधानसभा क्षेत्रों के वीडियो रथ 12 अक्टूबर को रवाना होंगे, जिन्हें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त् शर्मा रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि मंडल सम्मेलनों के अलावा पार्टी द्वारा 15 से 24 अक्टूबर तक 28 विधानसभा क्षेत्रों, 7 हजार बूथों पर बूथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। 40 सालों तक क्या करती रही कांग्रेस भूपेंद्र सिंह ने वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर कहा कि आजादी के बाद 40 साल से ज्यादा प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें रही। अगर कांग्रेस के आरोप सही हैं, तो उस समय कांग्रेस ने कोई कार्यवाही क्यों नहीं की? उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में है, जिसका निर्णय न्यायालय को करना है। लेकिन अगर कांग्रेस ने न्यायालय से पहले ही कोई निर्णय कर रखा हे, तो फिर 15 महीने की कमलनाथ सरकार ने इस मामले में कोई कार्रवाई क्यों नहीं की? सिंह ने कहा कि वास्तव में सिंधिया जी ने जब से कांग्रेस छोड़ी है, कांग्रेस के नेता बौखलाए हुए हैं। इसी बौखलाहट में वे अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं और जानबूझकर सिंधिया जी को अपमानित करने का प्रयास कर रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in