कांग्रेस ने किया ग्वालियर अंचल से अन्याय, भाजपा सरकार कर रही विकास
कांग्रेस ने किया ग्वालियर अंचल से अन्याय, भाजपा सरकार कर रही विकास

कांग्रेस ने किया ग्वालियर अंचल से अन्याय, भाजपा सरकार कर रही विकास

भोपाल/ग्वालियर, 24 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले ग्वालियर-चंबल अंचल के साथ कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने अन्याय किया। कमलनाथ सरकार ने विकास की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और लंबे समय से की जा रही मांगों को अनसुना कर दिया। 15 महीने बाद प्रदेश में सत्ता में आई भाजपा की सरकार अंचल के लोगों की विकास की आकांक्षाओं को पूरा कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के अंतिम दिन सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा और वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी में शामिल हुंए कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच का फर्क समझाया। जनता के लिये लड़ने वाले को गद्दार घोषित कर देती है कांग्रेसः शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है, लेकिन कांग्रेस में एक परिवार ही पूरी कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जो व्यक्ति सोनिया जी और राहुल जी के तलवे चाटे, केवल वही बना रह सकता है, वही वफादार कहलाता है। जो जनता के हित के लिए लड़े, उसे ग़द्दार घोषित कर दिया जाता है। चौहान ने कहा कि कांग्रेस में उठापटक मची हुई है। गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल जैसे 25 बड़े नेताओं ने सोनिया जी को चिट्ठी लिखकर पूर्णकालिक अध्यक्ष की मांग की। राहुल जी ने उन नेताओं को ग़द्दार घोषित करते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी से मिला हुआ ही बता दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के रहते हुए कांग्रेस के सफाये के लिए भाजपा को कुछ करने की जरूरत ही नही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर पर गांधी परिवार का कब्ज़ा है और प्रदेश स्तर पर नाथ परिवार का कब्ज़ा है। चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने हर वर्ग के साथ धोखेबाजी की दग़ाबाज़ी की। उन्होंने कहा कि हमने गोहद के लिए पेयजल योजना स्वीकृत की थी, जिसे कमलनाथ सरकार ने कैंसिल कर दी। लेकिन अब गोहद का समग्र विकास होगा क्योंकि अब प्रदेश में कमलनाथ सरकार नही बल्कि विकास करने वाली भाजपा सरकार है। राष्ट्रवाद और भारत माता के वैभव में वृद्धि की राजनीति करती है भाजपाः नरेंद्रसिंह तोमर सदस्यता ग्रहण समारोह उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि आपका भारतीय जनता पार्टी परिवार में स्वागत है और आपका भविष्य उज्जवल है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। राजनीतिक दलों में से कोई जाति, कोई क्षेत्र, कोई भाषा तो कोई पूंजीवाद पर राजनीति करते हैं, परन्तु भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद और भारत माता के वैभव को शिखर पर पहुंचाने के लिए राजनीति करती है। तोमर ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस में फर्क यह है कि हमारी सरकार में देश और प्रदेश का विकास होता है और कांग्रेस की सरकारों में भ्रष्टाचार चरम पर होता है। वादों से मुकरी कांग्रेस, इसलिए सिंधिया जी ने लिया फैसलाः प्रभात झा पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने पार्टी में शामिल हुए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि सीएए, धारा 370, ट्रिपल तलाक और राम मंदिर जैसे मुद्दों पर सिंधिया जी जिस तरह के ट्वीट कर रहे थे, उनसे ही स्पष्ट हो गया था कि उनका कांग्रेस से मोहभंग हो चुका है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के राज में जनता त्रस्त थी और प्रदेश बदहाल था। ये सिर्फ कांग्रेस में ही हो सकता है कि एक ही व्यक्ति प्रदेश अध्यक्ष भी रहे, मुख्यमंत्री भी बने और अब नेता प्रतिपक्ष भी बन जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के समय जनता से जो वादे किए थे, उनसे कांग्रेस की सरकार मुकर गई। इसीलिए सिंधिया जी ने फैसला लिया और ग्वालियर-चंबल अंचल से प्रदेश को कांग्रेस मुक्त बनाने की शुरुआत की है। विकास की आशा से बनाई कांग्रेस की सरकार, पर मिली निराशाः ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने में ग्वालियर-चंबल संभाग की बड़ी भूमिका रही। इतिहास में पहली बार इस संभाग की 34 में से 26 सीटें कांग्रेस को मिली। लोगों को उम्मीद थी कि कांग्रेस की सरकार विकास करेगी, क्षेत्र के साथ न्याय किया जाएगा। विकास और संवेदनशीलता की जो लकीर शिवराज जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने खींची थी, उससे बड़ी लकीर कांग्रेस की सरकार खींचेगी। उस सरकार ने लकीर तो खींची, लेकिन वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार की। विकास की आस लगाए लोगों को निराशा मिली। सिंधिया ने कहा कि हमने क्षेत्र के लोगों को गोहद में पेयजल योजना का आश्वासन दिया था, लेकिन 15 महीनों में कमलनाथ सरकार सिर्फ पैसों का रोना रोती रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने अवैध उत्खनन बंद कराने का संकल्प लिया था, लेकिन सरकार बनने पर अवैध कारोबार को संरक्षण देने लगे। कांग्रेस की सरकार ने वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का मंदिर बना दिया। शराब माफिया और ट्रांसफर उद्योग खूब फला-फूला। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी ने कभी मुसीबत में किसानों के आंसू नहीं पोंछे, शिवराज जी की सरकार ने आते ही किसानों को मुआवजा दिया। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in