एक साथ तीन सिस्टम बनने से मप्र के कई क्षेत्रों में बारिश, 13 सितम्बर से बरसात पकड़ेगी रफ्तार
एक साथ तीन सिस्टम बनने से मप्र के कई क्षेत्रों में बारिश, 13 सितम्बर से बरसात पकड़ेगी रफ्तार

एक साथ तीन सिस्टम बनने से मप्र के कई क्षेत्रों में बारिश, 13 सितम्बर से बरसात पकड़ेगी रफ्तार

भोपाल, 11 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बरसात एक एक और दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश से विदर्भ तक बनी द्रोणिका (ट्रफ), बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात और अरब सागर से मिल रही नमी के कारण प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। राजधानी में गुरुवार को दिन भर तीखी उमस के बाद शाम को झमाझम बरसात हुई। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि उप्र से विदर्भ तक बने ट्रफ के कारण अरब सागर से बड़े पैमाने पर नमी आ रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 13 सितम्बर से बरसात की गतिविधियों में और तेजी आएगी। राजधानी भोपाल में गुरुवार देर रात जोरदार बारिश होने के बाद शुक्रवार सुबह से धूप निकली हुई है। बीच-बीच में धूप निकलने से दिन का अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। इससे दोपहर के बाद गरज-चमक के साथ बरसात हो रही है। यह सिलसिला अभी जारी रहेगा। 13 सितम्बर को बंगाल की खाड़ी से कम दबाव के क्षेत्र के आगे बढऩे की संभावना है। इसके बाद प्रदेश के कई स्थानों पर झमाझम बरसात का दौर शुरू होने के आसार हैं। मध्य प्रदेश में इस सप्ताह विभिन्न क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। 10 सितम्बर को दक्षिणी और दक्षिण पूर्वी मध्य प्रदेश में विभिन्न जिलों में बारिश के आसार हैं। भोपाल में भी बारिश हो सकती है। जबकि इस दौरान उत्तरी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। 11 और 12 सितंबर बारिश का दायरा और सीमित हो जाएगा। इन दो दिनों में केवल दक्षिणी जिलों में वर्षा की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। बाकी हिस्सों पर मौसम शुष्क हो जाएगा। जबकि 13 सितम्बर से बारिश बढऩे की उम्मीद है, जब दक्षिण के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी जिलों में भी बारिश होगी। वर्तमान मौसमी परिदृश्य के अनुसार हमारा अनुमान है कि 14, 15 और 16 सितम्बर को मध्य प्रदेश के मध्य भागों से लेकर पश्चिमी जिलों तक काफी अच्छी बारिश दर्ज की जाएगी। इस दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास, धार, मंदसौर, ग्वालियर, गुना समेत इस क्षेत्र के विभिन्न जिलों में व्यापक वर्षा होगी। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in