इंदौर: भूमाफिया छब्बू और गुंडे मनोहर वर्मा के अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर
इंदौर: भूमाफिया छब्बू और गुंडे मनोहर वर्मा के अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

इंदौर: भूमाफिया छब्बू और गुंडे मनोहर वर्मा के अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

इंदौर, 07 दिसम्बर (हि.स.)। माफिया और गुंडों के खिलाफ नगरनिगम, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई सोमवार को भी जारी रही। सुबह से शुरू की गई कार्रवाई के दौरान नगरनिगम के रिमूवल दस्ते पर भूमाफिया छब्बू और गुंडे मनोहर वर्मा के अवैध कब्जों को ढहा दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। गुंडा विरोधी अभियान के तहत सोमवार सुबह दो स्थानों पर कार्रवाई की गई। एलआईजी लिंक रोड पर निगम की टीम ने छब्बू के अवैध निर्माण को हटाया। वहीं, रावजी बाजार में मनोहर वर्मा के अवैध निर्माण को ढहाया गया। वर्मा भाजपा नेता गोपी कृष्ण नेमा के घर पर हुए हमले का भी आरोपी है। वर्मा पर सूदखोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। निगम उपायुक्त देवेंद सिंह ने बताया कि भूमाफिया छब्बू के एलआईजी लिंक रोड वाले मकान को ध्वस्त किया गया है। छब्बू के मकान में जेसीबी ने जैसे ही पंजा मारा अगला हिस्सा टूटकर जमीन पर आ गया। कुछ देर की कार्रवाई में पूरा मकान जमींदोज हो गया। वहीं, नगर निगम की उपायुक्त लता अग्रवाल ने बताया कि रावजी बाजार थाना क्षेत्र के लिस्टेड बदमाश मनोहर वर्मा के मकान पर सोमवार सुबह कार्रवाई की गई है। मकान को पहले खाली कराया गया, जिसके बाद उसे तोड़ा गया। गुंडे मनोहर वर्मा ने रावजी बाजार में 1800 फीट साइज में तीन मंजिला मकान खड़ा कर लिया था, जो अवैध रूप से बनाया गया था। जेसीबी ने इसे तोड़ने के लिए करीब एक घंटे का समय लिया। मकान बड़ा होने और पड़ोस में मकान होने से इसे बहुत ही एहतियात के साथ गिराया गया। टीआई सविता चौधरी ने बताया कि मनोहर वर्मा के खिलाफ 302, 307 सहित 7 अपराध दर्ज हैं। हाल ही में इसने भाजपा नेता नेमा के घर पर हमला किया था। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in