अच्छी बारिश के बाद हरियाली बढ़ी, पर्यटन स्थलों पर लोग जुटे
अच्छी बारिश के बाद हरियाली बढ़ी, पर्यटन स्थलों पर लोग जुटे

अच्छी बारिश के बाद हरियाली बढ़ी, पर्यटन स्थलों पर लोग जुटे

शिवपुरी, 30 अगस्त (हि.स.)। शिवपुरी जिले में इस साल अच्छी बारिश के बाद इस समय विभिन्न पर्यटक स्थलों पर रौनक व हरियाली बढ़ गई है। जिले में स्थित माधव राष्ट्रीय उद्यान, सुरवाया की गढ़ी, सिंधिया घराने की छत्रियों के अलावा प्राकृतिक जलप्रपातों व झरनों पर आकर्षक नजारा देखने को मिल रहा है। प्राकृतिक जलप्रपात पवा, भदैया कुंड, टुंडा भरका खो सहित कई जगह आज रविवार होने के कारण पर्यटक इन्हें देखने के लिए पहुंचे। इसके अलावा आज सिंध नदी पर बने मड़ीखेड़ा बांध के छह गेट खोले रखे गए। यहां पर सिंध नदी के कैचमेंट एरिया में पानी बढ़ने के बाद कल से इस बांध के गेट खोल पानी निकाला जा रहा है। कोरोना का डर नहीं- रविवार को शिवपुरी जिले के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों का भारी जमावड़ा देखा गया। मड़ीखेड़ा डैम पर तो बड़ी संख्या में लोग जुटे। यहां पर रविवार को 6 गेट खोले गए थे। इस नजारे को देखने के लिए यहां पर कोरोना का डर बिल्कुल भी लोगों में नहीं देखा गया। सोशल डिस्टेंसिंग का कोई पालन नहीं किया गया। इसके अलावा पुलिस प्रशासन की ओर से भी कोरोना को लेकर यहां पर कोई भी रोक-टोक नहीं देखी गई। जबकि जिले में रविवार तक 1 हजार से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इसके बाद भी लोग एहतियात नहीं बरत रहे हैं। 700.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज- शिवपुरी जिले में 01 जून 2020 से अभी तक 700.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। जिले में गत वर्ष आज दिनांक तक 620.8 मि.मी. वर्षा हुई है।भू-अभिलेख शिवपुरी के अधीक्षक ने बताया कि जिले की औसत वर्षा 816.3 मि.मी. है। गत वर्ष जिले में कुल 1049.16 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी। उन्होंने बताया कि अभी तक शिवपुरी में 721.6 मि.मी., बैराड़ में 553 मि.मी., पोहरी में 554 मि.मी., नरवर में 871 मि.मी., करैरा में 714.4 मि.मी., पिछोर में 545.3 मि.मी., कोलारस में 940 मि.मी., बदरवास में 755 मि.मी. एवं खनियांधाना में 651 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है। हिन्दुस्थान समाचार/ रंजीत गुप्ता-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in