worried-due-to-illness-old-man-hanged-family-members-surrounded-the-minister39s-bungalow
worried-due-to-illness-old-man-hanged-family-members-surrounded-the-minister39s-bungalow

बीमारी से परेशान वृद्ध ने लगाई फांसी, परिजनों ने घेरा मंत्री का बंगला

-कैंसर से पीडि़त के उपचार के लिए एक माह से मांग रहे थे आर्थिक मदद ग्वालियर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उपनगर ग्वालियर थाना क्षेत्र में वृद्ध ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक लम्बे समय से बीमारी से परेशान थे। बीमारी में आर्थिक मदद की गुहार लगाने के बाद के बाद भी मृतक के परिजनों की कोई सुनवाई नहीं होने पर नाराज परिजनों ने मंत्री के बंगले पर शव रखकर चक्काजाम किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर चक्काजाम खुलवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की विवेचना प्रारंभ कर दी। पुलिस के अनुसार,लवकुश कॉलोनी सेवा नगर निवासी बलराम (65) पुत्र कुंदीराम शाक्य ने रविवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन वृद्ध को उनके कमरे में चाय देने गए तो उनका शव फांसी पर लटका मिला। बताया गया है कि मृतक लम्बे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। फांसी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव विच्छेदन गृह भेजा। मृतक के परिजन ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्मन सिंह तोमर से एक माह से आर्थिक मदद करने की गुहार लगा रहे थे। लेकिन उनको मदद नहीं मिल सकी थी। दोपहर के समय परिजन शव लेकर मंत्री के बंगले पर पहुंच गए और शव रखकर चक्काजाम कर दिया। नाराज परिजनों का आरोप था कि मृतक के उपचार के लिए कोई मदद नहीं दी गई। चक्काजाम कर रहे परिजनों की मांग थी कि उनको नौकरी और मकान दिया जाए। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाया। मंत्री ने मृतक के बेटे से फोन पर बात की, बाद में परिजन मान गए और शव लेकर चले गए। पड़ाव थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना ने जानकारी देते हुए बताया कि शव रखकर प्रद्युम्मनसिंह तोमर के बंगले पर चक्काजाम करने वालों को समझाइस देने के बाद वह मान गए थे और शव लेकर चले गए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की विवेचना प्रारंभ कर दी है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in