when-the-maximum-temperature-drops-there-is-a-rise-in-the-minimum
when-the-maximum-temperature-drops-there-is-a-rise-in-the-minimum

अधिकतम तापमान गिरा तो न्यूनतम में आया उछाल

- दिन भर छाए रहे बादल, शाम को हुई बूंदाबांदी, अगले 24 घंटे में हो सकती है बारिश ग्वालियर, 04 फरवरी (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम एक बार फिर बदल गया है। गुरुवार को सुबह से ही बादल छाए रहे, जिससे सूरज को ज्यादा चमकने का मौका नहीं मिला। हालांकि मध्यम धूप खिली रही और हवाएं मंद गति से चलीं, जिससे मौसम कुछ हद तक अनुकूल बना रहा और ठंड का ज्यादा असर नहीं था। शाम करीब सवा सात बजे के बाद शहर में बूंदाबांदी हुई। इसके साथ ही ठंड भी बढ़ गई। चूंकि शाम को आसमान में काफी घने बादल देखे गए, इसलिए देर रात में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के पूर्व निदेशक डी.पी. दुबे ने बताया कि अफगानिस्तान से पाकिस्तान होते हुए आया पश्चिमी विक्षोभ अब पंजाब से आगे बढ़कर हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के मध्य में पहुंच गया है। इसके अलावा उड़ीसा के ऊपर एक प्रति चक्रवात भी बना हुआ है, जिससे अरब सागर से नमी लेकर दक्षिण हवाएं आ रही हैं। इसी कारण ग्वालियर-चम्बल सहित उत्तरी मध्यप्रदेश में बादल छाए हुए हैं बूंदाबांदी शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि इन सिस्टमों के प्रभाव से अगले 24 घंटे तक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अंचल में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। शनिवार से मौसम साफ हो जाएगा। इसके बाद पुन: उत्तर से ठंडी हवाएं आना शुरू होंगी, जिससे न्यूनतम तामपान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ेगी। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस उछाल के साथ 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 73 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से दो प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 50 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से दस प्रतिशत अधिक है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद/राजू-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in