water-supply-capacity-of-khandwa39s-water-supply-scheme-should-be-increased-shivraj
water-supply-capacity-of-khandwa39s-water-supply-scheme-should-be-increased-shivraj

खण्डवा की जल प्रदाय योजना की जलापूर्ति क्षमता को बढ़ाया जाए : शिवराज

मुख्यमंत्री द्वारा खण्डवा जल प्रदाय योजना की समीक्षा भोपाल, 03 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार शाम को अपने निवास कार्यालय में खण्डवा जल प्रदाय योजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि खण्डवा नगर की जल प्रदाय योजना की जलापूर्ति क्षमता को बढ़ाया जाए। योजना की कमियों को तत्काल दूर किया जाए। इस वर्ष ग्रीष्म ऋतु में खण्डवा नगर के नागरिकों को सुगमता से पेयजल मिले। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव नीतेश व्यास, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, मुख्यमंत्री के सचिव एम. सेलवेन्द्रन तथा विभागीय अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी निर्माणाधीन जल प्रदाय योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहतर रहना चाहिये। उन्होंने पेयजल आपूर्ति से संबंधित निर्माण और मरम्मत के कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करने और सीवेज प्रोजेक्ट के कार्य भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि खण्डवा नगर में वर्ष 2021 में 37.35 एम.एल.डी. जल की मांग है, जो वर्ष 2036 में 47.65 एम.एल.डी. और 2051 में 59.55 एम.एल.डी. होगी। वर्तमान में नगर के लिये नर्मदा जल प्रदाय योजना से 25 से 28 एम.एल.डी., सुक्ता जलप्रदाय योजना से 5 एम.एल.डी., भू-जल स्त्रोतों से 2 एम.एल.डी. इस प्रकार कुल 30 से 35 एम.एल.डी. जल की उपलब्धता है। मुख्यमंत्री ने जल प्रदाय को बढ़ाने के लिये स्वीकृत कार्य योजना पर शीघ्र अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/राजू

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in