updated-congress-statewide-shutdown-in-protest-against-inflation-on-saturday-kamal-nath-appealed-to-the-public-for-support
updated-congress-statewide-shutdown-in-protest-against-inflation-on-saturday-kamal-nath-appealed-to-the-public-for-support

अपडेट..महंगाई के विरोध में शनिवार को कांग्रेस का प्रदेशव्यापी बंद, कमलनाथ ने की जनता से समर्थन की अपील

भोपाल, 19 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार, 20 फरवरी को प्रदेशव्यापी बंद का आव्हान कर प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि प्रदेश में डीजल, पेट्रोल एवं रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, महंगाई आसमान छू रही है, रोजमर्रा की जरूरती खाद्य सामग्री के भाव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। प्रदेश के नागरिक बढ़ती महंगाई के विरोध में एकजुट होकर बंद का समर्थन कर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज उठायें और जनहित के लिए कांग्रेस किये जा रहे बंद को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सरकार पर महामारी के दौर में जनता की मदद करने की बजाय पेट्रोल, डीजल एवं गैस पर टैक्स बढाकर वसूली करने का आरोप लगाया है। पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा मध्यप्रदेश बंद में सहयोग करने के लिए एक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने प्रदेश भर के नागरिकों से इस बंद को सफल बनाने के लिए कांग्रेसजनों के साथ खड़े होकर इस सोई हुई सरकार को जगाने की अपील की है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चन्द्रप्रभाष शेखर ने मध्यप्रदेश बंद के सम्बन्ध में बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकारी एवं निजी दफ्तरों, शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों से भी 20 फरवरी को दोपहर 2 बजे तक बंद का समर्थन करने की अपील की है। वहीं कालोनियों, मोहल्लों एवं अन्य रहवासी क्षेत्रों में जाकर भी शनिवार 20 फरवरी को दोपहर 2 बजे तक अपनी कार एवं दोपहिया वाहन नहीं निकालने का अनुरोध किया गया है। इस प्रदेशव्यापी बंद को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने व्यावसायिक वाहन (ट्रक, बस, टैक्सी, आटोरिक्शा) मालिकों से भी 20 फरवरी को दोपहर 2 बजे तक अपने वाहन नहीं चलाने का अनुरोध किया है। शेखर ने बताया कि कमलनाथ के आव्हान पर होने जा रहे मध्यप्रदेश बंद को कई सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों का पूर्ण समर्थन मिला है। कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से जुड़े इस मुद्दे पर प्रदेश के हर व्यक्ति और हर वर्ग से समर्थन की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश बंद राजनीतिक नहीं बल्कि आम जनता के हक और अधिकार की लड़ाई है जो हम जनता के सहयोग से लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार के एक मंत्री ने पेट्रोल की कीमत 100 रुपये होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को बधाई दी है, जो प्रदेश की जनता के साथ भद्दा मजाक है। मंत्री द्वारा इस तरह के कृत्य कुत्सित मानसिकता के परिचायलक है और असंवेदनशीलता की श्रेणी में आते हैं, जिसकी निंदा की जानी चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि जहां एक ओर अभी भी कोरोना महामारी से प्रदेश की जनता बुरी तरह से प्रभावित है, बाजारों में सन्नाटा पसरा है, ऐसे वक्त में भी मध्यप्रदेश सरकार जनता को राहत देने की बजाय डीजल एवं पेट्रोल पर देश में सबसे अधिक टैक्स वसूलकर सबसे महंगा डीजल एवं पेट्रोल बेच रही है। गैस एवं खाद्य पदार्थों को महंगा कर महिलाओं की रसोई पर बोझ डाला जा रहा है। शेखर ने कहा कि 20 तारीख को होने वाला प्रदेशव्यापी बंद इस अहंकारी सरकार को नीद से जगाने और पेट्रोलियम पदार्थों पर टैक्स कम कर जनता को राहत दिलाने का जन आन्दोलन है। प्रदेश की जनता पर पूरा विश्वास है कि वह इस आंदोलन में कांग्रेस का साथ देगी। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in