उमा भारती ने गैंगस्टर विकास दुबे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज और गृहमंत्री से पूछे तीन सवाल
उमा भारती ने गैंगस्टर विकास दुबे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज और गृहमंत्री से पूछे तीन सवाल

उमा भारती ने गैंगस्टर विकास दुबे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज और गृहमंत्री से पूछे तीन सवाल

भोपाल, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कुख्यात बदमाश और आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपित विकास दुबे की शुक्रवार सुबह पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई है। इससे पहले गुरुवार को विकास दुबे को मप्र पुलिस ने उज्जैन महाकाल मंदिर परिसर से पकड़ा था। विकास दुबे की गिरफ्तारी से लेकर उसके एनकाउंटर तक राजनीतिक दल कई सवाल उठा रहे हैं। इस बीच पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पूर्व सीएम उमा भारती ने विकास दुबे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से तीन सवाल पूछे हैं। उमा भारती ने सबसे पहले ट्वीट कर विकास दुबे एनकाउंटर के लिए यूपी पुलिस को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देवेंद्र मिश्र जैसे ईमानदार डीएसपी एवं उनके साथ 8 पुलिस अधिकारी एवं सिपाहियों की निर्मम हत्या करने वाले राक्षस विकास दुबे को मार गिराने के लिए @Uppolice को बधाई, @Uppolice की जय हो। अभी भी उसने भाग निकलने की चेष्टा की किंतु वह मार गिराया गया। इसके अलावा एक अन्य ट्वीट कर उमा भारती ने सीएम शिवराज और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से तीन तीखे सवाल कर पूछा है कि आखिर विकास दुबे उज्जैन कैसे पहुंचा और महाकाल मंदिर पहुंचने पर उसे किसी ने पहचाना क्यों नहीं। उन्होंने ट्वीट कर कहा मैं @ChouhanShivraj जी से एवं गृह मंत्री @drnarottammisra जी से इस विषय पर बात अवश्य करूंगी किंतु यह सच्चाई तो सामने आ गई कि भगवान महाकाल ने देवेंद्र मिश्र जैसे ईमानदार पुलिस अधिकारी के हत्यारे का संहार कर दिया। अब तीन बातें रहस्य की परत में हैं-(1) वह उज्जैन तक कैसे पहुंचा? (2) वह महाकाल परिसर में कितनी देर रहा? (3) उसका चेहरा टीवी पर इतना दिखा कि उसे कोई भी पहचान लेता तो उसको पहचाने जाने में इतना समय कैसे लगा? उल्लेखनीय है कि विकास दुबे कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर फरार चल रहा था। उसे उज्जैन महाकाल मंदिर में दर्शन करते हुए गिरफ्तार किया गया था। एक जानकारी यह भी थी कि विकास दुबे ने सरेंडर किया है। विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद अब उसके एनकाउंटर पर भी सवाल उठ रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in