two-cmos-were-found-to-be-negligent-collector-gave-instructions-to-prepare-suspension-proposal
two-cmos-were-found-to-be-negligent-collector-gave-instructions-to-prepare-suspension-proposal

दो सीएमओ को लापरवाही पड़ी महंगी, कलेक्टर ने दिये निलम्बन प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

उज्जैन, 08 फरवरी (हि.स.)। जिले के तराना एवं महिदपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) द्वारा कलेक्टर के बार-बार समझाइश देने के बाद भी सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरती जा रही है। उक्त दोनों संस्थानों की एल-1 एवं एल-4 पर 50 से अधिक शिकायतें लम्बित पाये जाने पर कलेक्टर आशीष सिंह ने शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी डिप्टी कलेक्टर वीरेन्द्रसिंह दांगी को उक्त दोनों अधिकारियों के विरुद्ध निलम्बन का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। दरअसल, कलेक्टर आशीष सिंह ने सोमवार को समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन मुख्यमंत्री की फ्लेगशिप योजनाओं में शामिल है, अत: इस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निराकरण त्वरित गति से किया जाये। बैठक में कलेक्टर ने ऊर्जा विभाग, वित्त विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग द्वारा संतुष्टि के साथ निराकरण में अपने विभागों की रेंकिंग में प्रदेश स्तर में टॉप-10 में आने पर उक्त विभागों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अन्य विभागों को भी इसी तरह कार्य करना चाहिये। कलेक्टर ने कृषि विभाग के उप संचालक को निर्देश दिये कि आने वाले 15 दिनों में फसल बीमा से सम्बन्धित सभी शिकायतों का निराकरण अनिवार्य रूप से कर दिया जाये। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर अवि प्रसाद, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत सीईओ अंकित अस्थाना एवं विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in