the-world39s-most-beautiful-city-will-make-bhopal-shivraj
the-world39s-most-beautiful-city-will-make-bhopal-shivraj

भोपाल को बनाएंगे दुनिया का सबसे सुंदर शहर : शिवराज

मुख्यमंत्री ने आम बजट को बताया आत्मनिर्भर भारत का बजट भोपाल, 01 फरवरी (हिं.स.)। सरकार भोपाल को दुनिया का सबसे सुंदर शहर बनाने की योजना पर काम कर रही है। केन्द्रीय बजट को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आत्मनिर्भर भारत का बजट बताया। सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कहा कि भोपाल के विकास का रोडमैप तैयार करने का अभियान आज से प्रारंभ हो गया है। भोपाल देश का सबसे सुंदर शहर है। स्वच्छतम राजधानी में भोपाल का नाम सबसे पहले आता है। भोपाल को हम दुनिया का सबसे सुंदर शहर बनाने की योजना पर काम कर रहे है। भोपाल में कई कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन हो चुका है। शहर में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बडे़ तालाब में वॉटर वाल, करोद मंडी के पास रेलवे ऑवर ब्रिज, बोर्ड ऑफिस से अशोका गार्डन तक फ्लाई ओवर इन्हें करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भानपुर खंती पर 32 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही 192 करोड़ की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। यहां 200 करोड़ की सड़के सीपीए के अंतर्गत बनायी जा रही है। वर्तमान में एक दीनदयाल रसोई है इसे बढ़ाकर 4 की जा रही है, जबकि 15 नए रैनबसेरों को विकसित किया जाएगा। 150 नए पार्कों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को ध्यान में रखकर सभी विकास के कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज ने केन्द्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे आत्मनिर्भर भारत का बजट बताया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपदा को अवसर में बदला है। इसकी तस्वीर इस आम बजट में दिखाई दे रही है। यह देश के विकास और समाज के कल्याण को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यह अर्थव्यवस्था को गति देने वाला मानवीय बजट है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना प्रारंभ की गई है, जो भारत के नवनिर्माण के स्वप्न को साकार करेगी। अधोसंरचना के विकास के लिए 5 लाख 50 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पूंजीगत व्यय से तेजी से आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, रोजगार के नये अवसरों का सृजन होगा। शिवराज ने कहा कि नये वित्तीय विकास संस्थान का गठन किया गया है। इससे पूंजीगत योजनाओं के लिए दीर्घकालीन ऋणों की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि राज्यों के सकल घरेलू उत्पाद का 4 प्रतिशत तक उधारी की सीमा बढ़ाई गई है। राज्य भी जब इन्फ्रा में ज्यादा पैसा डालेंगे, तो आर्थिक गतिविधियों के तेज होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की 75वीं सालगिरह पर 75 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को आयकर भरने से छूट दी गई है। यह बुजुर्गों के लिए वरदान सिद्ध होगा। हिन्दुस्थान समाचार / खुमेन्द्र / मुकेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in