the-day39s-temperature-fell-26-degrees-due-to-the-effect-of-the-northern-winds
the-day39s-temperature-fell-26-degrees-due-to-the-effect-of-the-northern-winds

उत्तरी हवाओं के असर से 2.6 डिग्री लुढ़का दिन का पारा

- चार से पांच दिन बाद फिर तीखे होंगे गर्मी के तेवर ग्वालियर, 31 मार्च (हि.स.)। हवाओं का रुख बदलकर उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी जो जाने से बुधवार को जहां दिन के तापमान में कुछ कमी आई है तो वहीं लपट से भी राहत बनी रही, लेकिन गर्मी का प्रकोप अपनी जगह कायम है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक हवाओं का रुख उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी बने रहने के आसार हैं। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट होगी, लेकिन चार से पांच दिन बाद एक बार फिर गर्मी के तेवर तीखे होने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। साथ ही राजस्थान और गुजरात के मध्य में एक प्रति चक्रवात बना हुआ था, जिससे हवाओं का रुख लगातार पश्चिमी बना हुआ था। इससे राजस्थान व गुजरात में भीषण गर्मी पड़ रही थी और वहां से लगातार आ रहीं गर्म हवाओं के कारण ग्वालियर-चम्बल सहित मध्यप्रदेश के अधिकांश जिलों में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए थे। लगातार पश्चिमी हवाएं चलने के कारण दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी। बीते मंगलवार को ग्वालियर सहित प्रदेश के कुछ जिलों में तेज लपट भी चली थी। सोमवार और मंगलवार की रात भी काफी गर्म रही, लेकिन बुधवार को मौसम में आंशिक परिवर्तन देखने को मिला। हवाएं उत्तरी और उत्तर पश्चिमी चलीं, जिनकी गति चार किलोमीटर प्रति घंटा थी, जिससे दिन के तापमान में कुछ कमी आई। हालांकि रात के तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई और यह सामान्य से सात डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान और गुजरात के मध्य में बना प्रति चक्रवात का असर अब समाप्त होने के साथ ही हवाएं उत्तर और उत्तर-पश्चिम से आना शुरू हो गई हैं, जिससे तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। अब फिलहाल तापमान में वृद्धि की संभावना नहीं है क्योंकि आगामी चार अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दाखिल होने के आसार हैं। हालांकि इसका असर हरियाणा तक ही रहेगा, लेकिन ग्वालियर-चम्बल में भी आंशिक बादल आने के साथ ही हवाओं का रुख दक्षिणी या दक्षिण-पश्चिमी हो जाएगा। इसके चलते तापमान बढऩे की संभावना नहीं है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद एक बार फिर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। 25 डिग्री के पास पहुंचा रात का पारा: बुधवार को दिन के तापमान में जरूर कमी आई, लेकिन रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंचा गया है, जिससे दिन के साथ-साथ रात भी काफी गर्म रही। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 7.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 24 प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से 16 प्रतिशत कम है, जबकि शाम को हवा में नमी मात्र नौ प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से 10 प्रतिशत कम है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in