sun39s-sharp-attitude-thursday-is-the-hottest-day-of-the-season
sun39s-sharp-attitude-thursday-is-the-hottest-day-of-the-season

सूरज के तीखे तेवर, मौसम का सबसे गर्म दिन रहा गुरुवार

-तापमान पहुंचा 34 डिग्री के पार, दो साल का रिकॉर्ड टूटा ग्वालियर, 25 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के लगभग सभी जिलों में मौसम के तेवर तीखे हो गए हैं। दिन में निकल रही तेज घूप के बाद अब लोगों को गर्मी के लिए तैयार हो जाना चाहिए क्योंकि ठंड की विदाई शुरू हो चुकी है। धीरे-धीरे अब दिन गर्म होने लगेंगे। अभी सुबह और रात मे हल्की ठंडक महसूस होगी, लेकिन मार्च के पहले सप्ताह में वह भी गायब हो जाएगी। बात ग्वालियर की करें तो यहां पर भी सूरज के तेवर काफी तीखे होने लगे हैं। पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके चलते गुरुवार वर्तमान मौसम में सबसे गर्म दिन रहा। सुबह से ही निकली तेज धूप के कारण सुबह 5.30 बजे जो तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस पर था, वह तीन घंटे बाद सुबह 8.30 बजे 19.4 और 11.30 बजे 31.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। पिछले सालों का रिकॉर्ड देखें तो फरवरी में गर्मी ने पिछले दो सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इससे पहले फरवरी में सर्वाधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान 23 फरवरी 2018 को दर्ज किया गया था। फिलहाल रात में बनी रहेगी हल्की ठंड: बात अगर न्यूनतम तापमान की करें तो गुरुवार को यह पिछले दिन की तुलना में 1.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। स्थानीय मौसम विज्ञानी सीके उपाध्याय ने बताया कि अभी दिन व रात के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और हो सकती है। हालांकि मार्च के पहले सप्ताह तक रात में हल्की ठंड बनी रहेगी। इसकी वजह यह है कि शाम ढलने के बाद हवा का रुख बदलेगा तो ठंडक भी बढ़ेगी, लेकिन दिन में लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ेगा। हिन्दुस्थान समाचार/शरद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in