strict-action-will-be-taken-in-cases-of-domestic-violence-chief-minister-shivraj
strict-action-will-be-taken-in-cases-of-domestic-violence-chief-minister-shivraj

घरेलू हिंसा के मामलों में होगी सख्त से सख्त कार्रवाई : मुख्यमंत्री शिवराज

भोपाल, 26 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसे जघन्य अपराधों के लिए अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा कैसे मिले, इस संबंध में अन्य आवश्यक वैधानिक प्रावधान किए जाएंगे। ऐसे अपराधों में सजा के वर्तमान प्रावधानों से अधिक सख्त सजा दिए जाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने यह बातें शुक्रवार को राजधानी भोपाल के स्मार्ट उद्यान में मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश में दो घटनाओं में महिलाओं के हाथ काटे जाने के मामले सामने आए हैं। यह साधारण अपराध न होकर विश्वास की हत्या है। यह भयंकर अपराध है। जिसके साथ जन्म-जन्म का साथ निभाने की कसम खाई गई, उन पर हमला करने और जान लेने का प्रयास घृणित और अति निंदनीय है। यह व्यवहार मध्ययुगीन बर्बरता की तरह है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बारे में जन-जागरण अभियान भी चलना चाहिए। ऐसे अपराधियों को कठोरतम दंड मिले इसकी व्यवस्था होगी। उन्होंने आज पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी को इस तरह के अपराधों के अपराधियों की धरपकड़ कर कठोरतम दंड दिलवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने समार्ट उद्यान में लगाया करंज का पौधा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान में करंज का पौधा लगाया। इस अवसर पर सांसद वीडी शर्मा उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से पौधारोपण का आग्रह किया है। प्रदेश में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण सुधार में पौधा रोपण का कार्य एक अभियान का रूप लेने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नागरिकों को प्रेरित करने के लिए प्रतिदिन पौधा लगा रहे हैं। करंज का महत्व करंज एक बहुउद्देशीय सदाबहार वृक्ष है। इसकी लकड़ी किसानों के रोजमर्रा में काम आने वाले कृषि औज़ारों, घरेलू कार्यों एवं ईंधन के काम में लायी जाती है। करंज एक ऐसा पौधा है, जिससे प्राप्त होने वाले तेल को बायो-डीजल के रूप में उपयोग में लाने की प्रबल और अपार सम्भावनाएं दिखती हैं। मुख्यमंत्री निवास परिसर में वट का पौधा लगाया गया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मुख्यमंत्री निवास उद्यान में वट का पौधा लगाया। उन्होंने जनसंपर्क आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, जनसंपर्क संचालक आशुतोष प्रताप सिंह, लोकेन्द्र पाराशर और जनसंपर्क प्रेस प्रकोष्ठ के अमले के साथ यह पौधा लगाया। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे। पत्रकारों ने सौंपा था वट का पौधा पत्रकार प्रतिनिधि-मंडल ने कल मुख्यमंत्री से भेंट कर राज्य शासन द्वारा पत्रकार कल्याण की दिशा में लिए गए निर्णय और पत्रकार हित में लागू योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया था। मुख्यमंत्री की पहल से पत्रकार-कल्याण कार्यों के लिए धन्यवाद स्वरूप उन्हें भेंट किया गया वट का पौधा आज मुख्यमंत्री निवास परिसर में लगाया गया। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/मयंक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in