शिवराज जी ने घोर परिश्रम कर प्रदेश को संकट से उबारा: केन्द्रीय मंत्री तोमर
शिवराज जी ने घोर परिश्रम कर प्रदेश को संकट से उबारा: केन्द्रीय मंत्री तोमर

शिवराज जी ने घोर परिश्रम कर प्रदेश को संकट से उबारा: केन्द्रीय मंत्री तोमर

भोपाल, 03 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृतव में भाजपा सरकार के शुक्रवार को 100 दिन पूरे होने के अवसर पर भोपाल में आयोजित वर्चुअल रैली को केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने दिल्ली से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से हर मामले में शिवराज सरकार ने 15 वर्षों में प्रदेश को अग्रणी राज्यों में पहुंचाया। लेकिन 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट ज्यादा मिले और कांग्रेस को सीटें, दुर्भाग्य से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। लेकिन हमने जोड़-तोड़ नहीं की। जनता ने कांग्रेस को सेवा का अवसर दिया, लेकिन कांग्रेस ने प्रदेश को तबाह और बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में इतना भ्रष्टाचार था कि कांग्रेस में काम करने वाले अच्छे लोग प्रदेश के साथ हो रहे अनाचार से क्षुब्ध थे। कमलनाथ सरकार अहंकार और घमंड में डूबी हुई थी। वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें चेताया कि सरकार जनसेवा में लगे और जनता से किए वादे पूरे करें। लेकिन उन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया। परिणामस्वरूप सिंधिया जी और उनके समर्थकों ने मध्यप्रदेश के विकास के खातिर अपना त्यागपत्र दे दिया। सिंधियाजी के प्रयत्नों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। प्रदेश में जब भाजपा की सरकार बनी तब तक कोरोना दस्तक दे चुका था। लेकिन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने घनघोर परिश्रम करके प्रदेश को कोरोना से उबारने का काम किया। उन्होंने कहा कि 15 महीने प्रदेश में रही कांग्रेस की सरकार ने लगातार गरीब कल्याण की योजनाओं पर प्रहार किया। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान किसान परिवार में पले बढ़े हैं। उन्होंने आमजन का दुख दर्द सहा है और यही कारण है कि लगातार समाज के पिछड़े, शोषित और गरीब तबके का उत्थान करने का काम किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना संकट से लडऩे की जो गतिविधियां संचालित की उसे प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने न सिर्फ लागू किया बल्कि अन्य प्रांतों से बेहतर परिणाम भी दिए। सरकार के 100 दिन जनसेवा के 100 दिन है। कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक ले जाने का काम करें। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर / उमेद सिंह रावत-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in